प्रतिमा और प्रतिमा स्थल को ध्वस्त करने के खिलाफ महागठबंधन नेताओं ने गहरी नाराजगी व्यक्त किया

प्रतिमा और प्रतिमा स्थल को ध्वस्त करने के खिलाफ महागठबंधन नेताओं ने गहरी नाराजगी व्यक्त किया

जे टी न्यूज, समस्तीपुर: रोसड़ा बाजार में गांधी चौक पर स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की स्थापित ऐतिहासिक प्रतिमा और प्रतिमा स्थल को कुछ असामाजिक और विघटनकारी तत्वों द्वारा जेसीबी से ध्वस्त करने के खिलाफ महागठबंधन नेताओं ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए मंगलवार को स्मारक स्थल पर प्रतिरोध सभा का आयोजन किया। जिसकी अध्यक्षता राजद जिलाध्यक्ष सह पूर्व विधान पार्षद रोमा भारती, ने तथा एवं धन्यवाद ज्ञापन राजद दलित सेल के जिलाध्यक्ष सत्यविंद पासवान ने किया। सभा को संबोधित करते हुए उजियारपुर विधायक सह पूर्व मंत्री आलोक कुमार मेहता, एवं पूर्व विधान पार्षद रोमा भारती ने कहा कि बापू की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करना देश की स्वतंत्रता में उनके अमूल्य योगदान का अपमान है। यह घटना बेहद शर्मनाक, दुर्भाग्यपूर्ण एवं निंदनीय है l यह केवल तोड़फोड़ नहीं है, बल्कि अहिंसा के विचार पर एक हिंसक हमला है। जिला प्रशासन को दोषियों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। संवाददाताओं से बात करते हुए पूर्व विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन भाजपा एवं संघ पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि, अभी सत्ता के शीर्ष पर वही लोग बैठे हैं जिन्होंने हर सांस में राष्ट्र पिता महात्मा गांधी और राष्ट्र निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर को अपमानित किया है। गांधी के हत्यारों को देश भक्त बताने वालों की सरकार में मूर्ति तोड़े जाने की घटना न पहली है न आश्चर्य जनक ही है। ऐसे में प्रतिमा स्थल पर तोड़फोड़ की घटना पर प्रशासन की स्तब्धकारी खामोशी भी अनपेक्षित नहीं है। श्री शाहीन ने प्रशासन को सत्ता की कठपुतली बताते हुए कहा कि, मूर्ति तोड़ने की घटना के बाद एक सप्ताह हमने प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार किया। उसके बाद सड़क पर आए हैं। उन्होंने कहा कि, अब सड़क से सदन तक पटना से दिल्ली तक यह मामला गूंजेगा। यदि प्रशासन अब भी कार्रवाई नहीं करती है तो आंदोलन को विस्तार दिया जाएगा और हम लोग अपने स्तर से प्रतिमा स्थल का पुनर्निर्माण कराएंगे। वहीं, जिला राजद प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर ने कहा कि, गांधी के हत्यारों की सरकार में उनकी मूर्ति का तोड़ा जाना विस्मयकारी घटना नहीं है। जनता सब देख और समझ रही है। समय आएगा और यही जनता गिन गिन कर हिसाब लेगी।

Related Articles

Back to top button