रेल भवन में केंद्रीय मंत्री से मुलाकात—सीमांचल की कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस

रेल भवन में केंद्रीय मंत्री से मुलाकात—सीमांचल की कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर पर फो

जे टी न्यूज, नई दिल्ली:

सीमांचल की रेल व्यवस्था को नई दिशा देने की पहल तेज हो गई है। पूर्णिया सदर के विधायक विजय खेमका ने रेल भवन में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर पूर्णिया समेत सीमांचल-कोसी क्षेत्र के लिए रेल सुविधाओं के विस्तार की कई अहम मांगें रखीं।

मुलाकात के दौरान विधायक ने डिब्रूगढ़–दिल्ली राजधानी ट्रेनों (12424/12423 और 20505/20506) में से एक का रूट बदलकर पूर्णिया और सहरसा होते हुए चलाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि इससे लाखों यात्रियों को सीधी और बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिल सकेगी, जो अभी तक क्षेत्र की बड़ी जरूरत बनी हुई है।

विधायक ने Indian Railways की महत्वाकांक्षी अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पूर्णिया जंक्शन और पूर्णिया कोर्ट को शामिल करने की मांग भी उठाई। उनका कहना था कि ऐतिहासिक और उभरते जिले पूर्णिया को आधुनिक स्टेशन सुविधाओं से लैस करना बेहद जरूरी है।

इसके अलावा जोगबनी–पूर्णिया–पटना रूट पर चलने वाली Vande Bharat Express के समय में बदलाव की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान टाइमिंग यात्रियों की सुविधा के अनुरूप नहीं है, जिसे संशोधित किया जाना चाहिए।

इन्फ्रास्ट्रक्चर के मोर्चे पर विधायक ने पूर्णिया जंक्शन और पूर्णिया कोर्ट पर वाशिंग पिट निर्माण को लेकर देरी पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कई बार सर्वे होने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है और कम-से-कम एक स्थान पर जल्द निर्माण कराया जाना चाहिए, ताकि नई लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन संभव हो सके।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मांगों को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पूर्णिया और सीमांचल क्षेत्र के रेल विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सीमावर्ती और पूर्वोत्तर क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।

अगर इन प्रस्तावों को मंजूरी मिलती है, तो पूर्णिया की रेल तस्वीर बदल सकती है और सीमांचल को विकास की नई रफ्तार मिल सकती है।

Related Articles

Back to top button