तानाशाही रवैया पर जनता की आवाज भारी पड़ती है – रमा खलखो
तानाशाही रवैया पर जनता की आवाज भारी पड़ती है – रमा खलखो

जे टी न्यूज, पटना: झारखंड प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती रमा खलखो ने कहा कि धनबाद में जनहित और भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आवाज़ उठाने वाले कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं पर प्राथमिकी दर्ज किया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण, अलोकतांत्रिक और तानाशाही मानसिकता का परिचायक है। झारखंड प्रदेश महिला कांग्रेस इसकी कड़ी निंदा करती है।
लोकतंत्र में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करना और जनता की समस्याओं को उठाना प्रत्येक नागरिक एवं राजनीतिक दल का संवैधानिक अधिकार है। यदि जनप्रतिनिधि जनता की पीड़ा, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ आवाज़ उठाएंगे और बदले में उन पर मुकदमे दर्ज किए जाएंगे, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
मैं झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के उस साहसिक और स्पष्ट रुख की भूरि-भूरि प्रशंसा करती हूँ, जिसमें उन्होंने धनबाद के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के समर्थन में मजबूती से अपनी बात रखी। उनका नेतृत्व कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और यह साबित करता है कि कांग्रेस पार्टी अन्याय और दमन के सामने कभी झुकने वाली नहीं है।
साथ ही धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह एवं सभी कांग्रेसजनों ने जिस निर्भीकता और लोकतांत्रिक भावना के साथ जनता की आवाज़ बुलंद की है, वह सराहनीय है। झारखंड प्रदेश महिला कांग्रेस उनके संघर्ष और मनोबल के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।
धनबाद अंचल कार्यालय से जुड़े भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं को उठाने के बजाय आवाज़ दबाने का प्रयास करना प्रशासन की संवेदनहीनता को दर्शाता है। प्रशासन को यह समझना होगा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज़ को मुकदमों से दबाया नहीं जा सकता। सत्ता और प्रशासन का दायित्व जनता की समस्याओं का समाधान करना है, न कि भय और दमन का वातावरण तैयार करना।
झारखंड प्रदेश महिला कांग्रेस स्पष्ट रूप से कहना चाहती है कि लोकतंत्र की आवाज़ को दबाने की हर कोशिश का लोकतांत्रिक तरीके से पुरजोर विरोध किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता के अधिकार, न्याय और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी।
“सत्य की आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता,
जनता की ताकत हर तानाशाही पर भारी पड़ती है।”
