433 करोड़ 73 लाख से खगड़िया में बनेगा आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम, मिली तकनीकी स्वीकृति : विधायक बबलू मंडल

433 करोड़ 73 लाख से खगड़िया में बनेगा आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम, मिली तकनीकी स्वीकृति : विधायक बबलू मंडल

जे टी न्यूज, खगड़िया(गीता कुमार): खगड़िया शहर को वर्षों पुरानी जलजमाव की समस्या से स्थायी राहत दिलाने की दिशा में बड़ी सफलता मिली है। बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम ने खगड़िया शहर में आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम निर्माण योजना को तकनीकी स्वीकृति प्रदान कर दी है। करीब 433 करोड़ 73 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस महत्वाकांक्षी योजना को लेकर शहरवासियों में खुशी का माहौल है। सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि अब जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
विधायक बबलू मंडल ने कहा कि खगड़िया शहर में जलजमाव की समस्या लंबे समय से लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई थी। हर वर्ष बारिश के मौसम में शहर के कई मोहल्लों, मुख्य सड़कों और बाजार क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती थी, जिससे आम लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित होता था। लोगों को आवागमन, व्यापार, स्वास्थ्य और दैनिक कार्यों में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।


उन्होंने बताया कि इस गंभीर समस्या को उन्होंने विधानसभा सत्र के दौरान प्रमुखता से उठाया था। सदन में उन्होंने सरकार का ध्यान खगड़िया शहर की बदहाल जल निकासी व्यवस्था की ओर आकृष्ट कराया और स्थायी समाधान की मांग की थी। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर भी खगड़िया शहर की स्थिति से विस्तारपूर्वक अवगत कराया था।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया था और उसे तेज गति से स्वीकृति भी प्रदान कर दी। अब बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम द्वारा योजना को तकनीकी स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। उन्होंने इसे खगड़िया शहर के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।
बबलू मंडल ने कहा कि आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम बनने से शहर में जल निकासी की व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ होगी। इससे बरसात के दिनों में होने वाले जलजमाव से लोगों को राहत मिलेगी और शहर का समग्र विकास भी तेज गति से आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल जल निकासी तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर के भविष्य को व्यवस्थित और आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत वैज्ञानिक तरीके से ड्रेनेज नेटवर्क तैयार किया जाएगा, जिससे पानी का तेजी से निकास संभव हो सके। इससे सड़कों को क्षति कम होगी, गंदगी और जलजनित बीमारियों में कमी आएगी तथा शहर की स्वच्छता व्यवस्था में भी सुधार होगा।
विधायक ने कहा कि खगड़िया तेजी से विकसित हो रहा शहर है और बढ़ती आबादी के अनुरूप आधारभूत सुविधाओं का विस्तार आवश्यक है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य केवल विकास कार्यों की घोषणा करना नहीं, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारना है। इसी सोच के तहत लगातार सरकार और विभागीय अधिकारियों से समन्वय बनाकर योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने खगड़िया की जनता को भरोसा दिलाया कि शहर के विकास के लिए उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा और आने वाले समय में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल और नगर विकास से जुड़ी कई बड़ी योजनाएं धरातल पर दिखाई देंगी।


ड्रेनेज सिस्टम को तकनीकी स्वीकृति मिलने के बाद शहरवासियों में उम्मीद जगी है कि अब खगड़िया को वर्षों पुरानी जलजमाव की समस्या से स्थायी मुक्ति मिलेगी और शहर आधुनिक शहरी सुविधाओं से लैस होकर विकास की नई पहचान बनाएगा।

Related Articles

Back to top button