संघर्ष, संकल्प और सफलता की मिसाल बनीं डॉ. तबस्सुम परवीन
संघर्ष, संकल्प और सफलता की मिसाल बनीं डॉ. तबस्सुम परवीन
हरिनगर की बेटी ने एमबीबीएस कर बढ़ाया क्षेत्र का मान, बेटियों के लिए बनी प्रेरणा
जे टी न्यूज,

कहा जाता है कि सपने वही सच होते हैं जिनके पीछे अथक परिश्रम, दृढ़ संकल्प और परिवार का त्याग जुड़ा हो। इस कहावत को सच साबित कर दिखाया है राजनगर प्रखंड के हरिनगर गांव की बेटी डॉ. तबस्सुम परवीन ने, जिन्होंने तमाम सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक चुनौतियों को पार करते हुए एमबीबीएस की डिग्री प्राप्त कर अपने माता-पिता, गांव और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
मधुबनी जिले के ग्रामीण क्षेत्र में आज भी उच्च शिक्षा, विशेषकर बेटियों की शिक्षा, अनेक चुनौतियों से घिरी हुई है। ऐसे माहौल में एक लड़की का डॉक्टर बनने का सपना देखना और उसे साकार करना आसान नहीं होता। संसाधनों की कमी, सामाजिक बाधाएं और लंबी शैक्षणिक यात्रा के बावजूद तबस्सुम ने कभी हार नहीं मानी। उनकी सफलता संघर्ष, धैर्य और आत्मविश्वास की एक प्रेरणादायक कहानी है।
डॉ. तबस्सुम परवीन के पिता मोहम्मद अलाउद्दीन एवं माता सायरा खातून ने अपनी बेटी की शिक्षा के लिए हर संभव त्याग किया। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी शिक्षा को प्राथमिकता दी और अपनी बेटी के सपनों को पंख देने का कार्य किया। आज उसी मेहनत और विश्वास का परिणाम है कि उनकी बेटी एक चिकित्सक बनकर समाज की सेवा के लिए तैयार है।
बड़े भाई आफताब ने बताया डॉ. तबस्सुम की प्रारंभिक शिक्षा इंडियन पब्लिक स्कूल, मधुबनी से हुई। इसके बाद उन्होंने कटिहार मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर चिकित्सक बनने का अपना सपना साकार किया।
अपनी सफलता पर डॉ. तबस्सुम ने कहा, “मेरे माता-पिता ने जीवनभर कठिन परिश्रम और त्याग करके मुझे इस मुकाम तक पहुंचाया है। मेरा गांव और समाज आज भी आर्थिक एवं शैक्षणिक रूप से काफी पिछड़ा हुआ है। मेरी कोशिश रहेगी कि मैं अपने ज्ञान और सेवा भावना के माध्यम से लोगों के काम आ सकूं और विशेष रूप से जरूरतमंद परिवारों की सहायता कर सकूं।
डॉ. तबस्सुम परवीन की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। राज्यसभा सांसद डॉ. फैयाज अहमद, राजनगर के विधायक सुजीत कुमार पासवान, बिस्फी विधानसभा के विधायक आसिफ अहमद तथा परसौनवी फाउंडेशन के निर्देशक परवेज हसन दानिश ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
सभी जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों ने कहा कि डॉ. तबस्सुम की सफलता पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि एक साधारण ग्रामीण परिवार की बेटी द्वारा डॉक्टर बनना यह सिद्ध करता है कि प्रतिभा किसी सुविधा की मोहताज नहीं होती। उनकी सफलता आने वाली पीढ़ियों, विशेषकर बेटियों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस प्रदान करेगी।


