कटिहार में दर्दनाक हादसा: पाट लदा ट्रैक्टर पलटने से चालक समेत दो की मौत, तीन मजदूर गंभीर

इमली चौक के पास पोठिया-डुमर मार्ग पर हुआ हादसा, सभी मृतक और घायल बरारी के नया टोला के निवासी

कटिहार में दर्दनाक हादसा: पाट लदा ट्रैक्टर पलटने से चालक समेत दो की मौत, तीन मजदूर गंभीर

इमली चौक के पास पोठिया-डुमर मार्ग पर हुआ हादसा, सभी मृतक और घायल बरारी के नया टोला के निवासी

जे टी न्यूज,
कटिहार: कटिहार जिले के पोठिया थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इमली चौक के समीप पोठिया-डुमर मार्ग पर हुआ, जहां पाट से लदा ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर पर पाट लदा हुआ था और उसके साथ मजदूर भी सवार थे। इसी दौरान इमली चौक के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर के नीचे मजदूरों के दब जाने से घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

स्थानीय लोगों की मदद से ट्रैक्टर के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल सभी मजदूर कटिहार जिले के बरारी प्रखंड के नया टोला के निवासी थे। घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसरा हुआ है।

सूचना मिलने पर पोठिया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बाहर निकालने और अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

Related Articles

Back to top button