जौहर विश्वविद्यालय को लेकर सियासत तेज, आर के राय ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
जौहर विश्वविद्यालय को लेकर सियासत तेज, आर के राय ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के रामपुर स्थित जौहर विश्वविद्यालय को लेकर एक बार फिर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इस क्रम में अप्पन पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव आर के राय ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि, सरकार विश्वविद्यालय को बुलडोजर कार्रवाई के जरिए समाप्त करने की साजिश रच रही है।
श्री राय ने कहा कि, भाजपा और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ शिक्षा की दुश्मन तो है ही, ऐसे में यह साजिश कोई नई बात नहीं है। यह विश्वविद्यालय समाजवादी नेता और पूर्व मंत्री आजम खान द्वारा स्थापित किया गया है, जो शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण संस्थान है। यह देखना बेहद दुःखद है कि, राज्य सरकार शिक्षा में भी हिन्दू मुसलमान कर रही है। इसी कुत्सित नीति के तहत योगी–मोदी की सरकार इस संस्थान के खिलाफ पक्षपातपूर्ण रवैया अपना रही है और इसे खत्म करने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनौती देते हुए कहा कि यदि वे चाहें तो इसी तरह का सिर्फ एक विश्वविद्यालय किसी भी राज्य में बनाकर दिखाएं। श्री राय ने यह भी आरोप लगाया कि देश में सांप्रदायिक माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है, जो लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है।
अपने बयान में उन्होंने कहा कि जनता लंबे समय से ऐसी नीतियों और कथित दबाव की राजनीति को झेल रही है। हालांकि, इन आरोपों पर उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।