चिरौरी पंचायत में खुले गड्ढे में गिरकर युवक की मौत 10 दिन पहले भी खोदा गया था गड्ढा
चिरौरी पंचायत में खुले गड्ढे में गिरकर युवक की मौत
10 दिन पहले भी खोदा गया था गड्ढा

जे टी न्यूज, अंसार आलम चौसा मधेपुरा :
चौसा थाना क्षेत्र की चिरौरी पंचायत के भवनपुरा बासा वार्ड नंबर 09 में एक युवक की खुले गड्ढे में गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय मंटू कुमार, पिता विलास मंडल के रूप में हुई है। यह घटना शुक्रवार को उनके खेत के पास हुई।जानकारी के अनुसार, मंटू कुमार शुक्रवार को अपने खेत में धान रोपनी करने जा रहे थे। रास्ते में सरकारी विद्यालय के सामने निजी जमीन पर एक खुला गड्ढा था। मंटू को इस गड्ढे की जानकारी नहीं थी,

जिसके कारण वह उसमें गिर गए।स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि इस गड्ढे को एक महीने पहले खोदा गया था और फिर 10 दिन पहले इसे दोबारा खोदा गया था। गड्ढा खुला होने के कारण हादसे की आशंका बनी हुई थी।घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद मंटू को गड्ढे से बाहर निकाला। उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौसा ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।चौसा पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधेपुरा भेज दिया।

इस घटना के बाद चिरौरी पंचायत के ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार गड्ढा खोदे जाने से ऐसे हादसों का डर था। उन्होंने प्रशासन से खुले गड्ढों को तुरंत भरवाने और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।



