जिलाधिकारी ने नवनिर्मित खेल भवन सह व्यायामशाला का किया निरीक्षण शीघ्र हस्तांतरण एवं संचालन सुनिश्चित करने का दिया निर्देश

जिलाधिकारी ने नवनिर्मित खेल भवन सह व्यायामशाला का किया निरीक्षण
शीघ्र हस्तांतरण एवं संचालन सुनिश्चित करने का दिया निर्देश


जे टी न्यूज़, समस्तीपुर : जिलाधिकारी समस्तीपुर श्री रोशन कुशवाहा ने बुधवार को नवनिर्मित खेल भवन सह व्यायामशाला का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन की निर्माण गुणवत्ता, उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों से प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने भवन निर्माण विभाग के अभियंताओं एवं संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि खेल भवन सह व्यायामशाला के हस्तांतरण से संबंधित सभी औपचारिकताएं यथाशीघ्र पूर्ण करते हुए भवन को संबंधित विभाग के सुपुर्द किया जाए, ताकि इसका संचालन शीघ्र प्रारंभ हो सके और जिले के खिलाड़ियों को इसका लाभ मिलना शुरू हो।
उन्होंने जिला खेल पदाधिकारी को विभागीय मार्गदर्शन एवं प्रचलित दिशा-निर्देशों के आलोक में खेल भवन सह व्यायामशाला का सुव्यवस्थित, प्रभावी एवं नियमित संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही भवन के रख-रखाव, आवश्यक खेल उपकरणों की उपलब्धता तथा खिलाड़ियों के लिए बेहतर प्रशिक्षण एवं अभ्यास की सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा।


जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में खेल अवसंरचना को सुदृढ़ करना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इस आधुनिक खेल भवन सह व्यायामशाला के प्रारंभ होने से स्थानीय खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण एवं अभ्यास की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन कर सकेंगे।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त श्री सूर्य प्रताप सिंह, जिला खेल पदाधिकारी श्री विवेक कुमार तथा भवन निर्माण विभाग के अभियंता एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button