UG में नामांकन का सुनहरा मौका राजकीय डिग्री महाविद्यालय, कुशेश्वर स्थान पूर्वी, दरभंगा में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ नामांकन का अवसर
UG में नामांकन का सुनहरा मौका
राजकीय डिग्री महाविद्यालय, कुशेश्वर स्थान पूर्वी, दरभंगा में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ नामांकन का अवसर

जे टी न्यूज, कुशेश्वर स्थान पूर्वी (दरभंगा), :
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा द्वारा जारी सूचना के अनुसार चार वर्षीय स्नातक प्रथम सेमेस्टर (सत्र 2026–30) में रिक्त सीटों पर नामांकन से वंचित अभ्यर्थी 03 अगस्त से 06 अगस्त 2026 तक www.lnmu.ac.in पर पुनः ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विश्वविद्यालय के इस निर्णय से विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूर-दराज़ क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने का सुनहरा अवसर मिला है।
इस अवसर पर राजकीय डिग्री महाविद्यालय, कुशेश्वर स्थान पूर्वी, दरभंगा के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) कुशेश्वर यादव ने कहा कि इच्छुक छात्र-छात्राएं इस अवसर का लाभ उठाकर महाविद्यालय में नामांकन लें और अपने उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखें।
बर्सर सह नामांकन प्रभारी डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि महाविद्यालय में नियमित एवं अनुशासित ढंग से कक्षाओं का संचालन किया जाता है। गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन, अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन तथा शैक्षणिक अनुशासन के कारण यह महाविद्यालय ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का एक विश्वसनीय केंद्र बनकर उभर रहा है।
प्रधानाचार्य ने अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे विश्वविद्यालय द्वारा प्रदान किए गए इस अंतिम अवसर का लाभ उठाते हुए समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करें तथा राजकीय डिग्री महाविद्यालय, कुशेश्वर स्थान पूर्वी, दरभंगा में नामांकन लेकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ प्राप्त करें।



