पीएम ई-विद्या चैनल व ऐप से उच्च गुणवत्ता के शिक्षण लेंगे बच्चे
पीएम ई-विद्या चैनल व ऐप से उच्च गुणवत्ता के शिक्षण लेंगे बच्चे

जे टी न्यूज़, समस्तीपुर : बदलते दौर में शिक्षा का स्वरूप तेजी से डिजिटल हो रहा है। ऐसे में केंद्र सरकार की पीएम ई-विद्या की पहल विद्यार्थियों के लिए नयी उम्मीद बनकर उभर रही है। इसके लिए राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद बिहार (एससीईआरटी पटना) में 27 से 31 जुलाई तक आयोजित पांच दिवसीय राज्यस्तरीय अभिविन्यास सह-प्रशिक्षण कार्यशाला में डिजिटल शिक्षा को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।कार्यशाला में बिहार के विभिन्न जिलों से 56 शिक्षकों ने भाग लिया. समस्तीपुर जिला का प्रतिनिधित्व उच्च माध्यमिक विद्यालय दिघरा, पूसा, संप्रति माॅडल स्कूल पटोरी के विद्यालय अध्यापक मुकेश कुमार मृदुल और जगतारिणी उच्च माध्यमिक विद्यालय खम्हार, विभूतिपुर के विशिष्ट शिक्षक सुरेश कुमार ने किया। एनसीईआरटी दिल्ली से आये प्रशिक्षकों की टीम ने बताया कि आने वाले समय में डिजिटल शिक्षा विद्यालयी कक्षाओं का विकल्प नहीं, बल्कि उनका मजबूत सहयोगी बनेगी। पीएम ई-विद्या ऐप व फ्री डीटीएच पर बिहार के लिए बीआर-63 से बीआर-67 तक शैक्षणिक चैनल चौबीस घंटे प्रतिदिन चलते हैं। जहां सभी विषयों के विशेषज्ञ शिक्षकों के बनाए वीडियो का प्रसारण पहली से बारहवीं तक की कक्षाओं के लिए होता है। विद्यालय अध्यापक मुकेश कुमार मृदुल ने बताया फ्री डीटीएच की तरह पीएम ई-विद्या मोबाइल ऐप भी पूरी तरह निःशुल्क है। इसमें किसी प्रकार का पंजीकरण शुल्क या सदस्यता नहीं देनी पड़ती है ।विद्यार्थी अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी समय विषयवार वीडियो, पाठ, अभ्यास सामग्री एवं पुनरावृत्ति सामग्री का अध्ययन कर सकते हैं। इससे महंगी कोचिंग पर निर्भरता कम करने में भी मदद मिलेगी। पीएम ई विद्या के उक्त सभी चैनल यूट्यूब समेत अन्य सोशल मीडियाओं पर भी निःशुल्क उपलब्ध है। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को आधुनिक डिजिटल शिक्षण सामग्री उच्च क्वालिटी की तैयार करने की संपूर्ण प्रक्रिया को बारीकियों से सिखाया गया। प्रतिभागी शिक्षक एडूकेटर एवं शिक्षकों से शैक्षणिक वीडियो तैयार कराकर उनका तकनीकी एवं शैक्षणिक मूल्यांकन किया गया। मूल्यांकन में विषय की शुद्धता, सरल भाषा, प्रभावी प्रस्तुतिकरण, ध्वनि गुणवत्ता, प्रकाश व्यवस्था, कैमरा एंगल, संपादन तथा बच्चों की समझ के अनुरूप आनंददायी सामग्री तैयार करने जैसे बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया गया।
प्रतिभागियों के ग्यारह समूहों ने अलग-अलग विषयों के ग्यारह वीडियो का निर्माण किये जिसकी विधिवत सबों ने मिलकर समीक्षा की। कार्यशाला के अंतिम दिन एनसीईआरटी के संयुक्त निदेशक ए बेहरा ने प्रतिभागियों से आनलाइन कहा कि कम अवधि के वीडियो पाठ को रोचक और प्रभावी बनाते हैं। इस अवसर पर श्रव्य एवं दृश्य विभाग के विभागाध्यक्ष संजय कुमार, शैक्षणिक प्रभारी मधु कुमारी, कैमरामैन मोहित कुमार, एडिटर आशित कुमार, सहायक अंजलि गुप्ता, ज्योति सिंह के अलावे पूजा कुमारी और रीया की तत्परता उल्लेखनीय रही।



