जनता दरबार में जिलाधिकारी ने सुनीं आमजनों की समस्याएं, त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश
जनता दरबार में जिलाधिकारी ने सुनीं आमजनों की समस्याएं, त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश

जे टी न्यूज़, समस्तीपुर : जिला पदाधिकारी, समस्तीपुर श्री रोशन कुशवाहा ने आज समाहरणालय स्थित जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। जनता दरबार में भूमि विवाद, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, पेयजल, सड़क, आवास, अतिक्रमण, पुलिस, आपूर्ति सहित अन्य विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को मामलों का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी अधिकारी संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें।

जनता दरबार के दौरान कई मामलों में संबंधित पदाधिकारियों से तत्काल दूरभाष पर संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया, जबकि शेष मामलों को नियमानुसार शीघ्र निष्पादित करने हेतु संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया।
इस अवसर पर संबंधित विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे तथा प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की कार्रवाई प्रारंभ की गई।

