स्मार्ट बोर्ड से बदल रही है पढ़ाई की तस्वीर वीमेंस कॉलेज, समस्तीपुर में भौतिकी विभाग बना डिजिटल शिक्षण का सफल उदाहरण

स्मार्ट बोर्ड से बदल रही है पढ़ाई की तस्वीर वीमेंस कॉलेज, समस्तीपुर में भौतिकी विभाग बना डिजिटल शिक्षण का सफल उदाहरण

डिजिटल क्लासरूम बना छात्राओं की पहली पसंद

जे टी न्यूज, समस्तीपुर:
उच्च शिक्षा में तकनीक आधारित शिक्षण का सकारात्मक प्रभाव अब वीमेंस कॉलेज, समस्तीपुर में स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। महाविद्यालय के भौतिकी विभाग में स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से नियमित कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है, जिससे छात्राओं की सीखने की रुचि, कक्षा में सहभागिता एवं उपस्थिति में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। यह पहल महाविद्यालय में डिजिटल शिक्षा की दिशा में एक सफल केस स्टडी के रूप में उभर रही है।
महाविद्यालय के प्रो.-इन-चार्ज प्रो. राजेश कुमार रंजन ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम पूरा करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, तकनीक-सक्षम एवं अनुभवात्मक शिक्षा उपलब्ध कराना है। स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से जटिल वैज्ञानिक अवधारणाओं को चित्र, वीडियो, एनिमेशन एवं प्रस्तुतीकरण के साथ सरल बनाया जा रहा है, जिससे छात्राओं की समझ और विषय के प्रति रुचि दोनों में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय का प्रयास है कि भविष्य में अन्य विभागों में भी इस प्रकार की डिजिटल शिक्षण व्यवस्था को और सशक्त बनाया जाए


भौतिकी के सहायक प्राध्यापक डॉक्टर अपूर्वा मुले ने बताया कि स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से पढ़ाई शुरू होने के बाद छात्राएँ नियमित रूप से कक्षाओं में आ रही हैं। पहले जिन विषयों को कठिन माना जाता था, वे अब विजुअल और इंटरेक्टिव शिक्षण के कारण सहज और रोचक बन गए हैं। छात्राएँ प्रश्न पूछने में अधिक सक्रिय हुई हैं तथा कक्षा में उनकी भागीदारी भी बढ़ी है।
कई छात्राओं ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से पढ़ाई अधिक स्पष्ट, रोचक एवं यादगार हो गई है। कठिन विषयों को समझना आसान हुआ है तथा नियमित कक्षा में आने की उनकी प्रेरणा भी बढ़ी है।


महाविद्यालय प्रशासन का मानना है कि यह पहल केवल एक तकनीकी परिवर्तन नहीं, बल्कि शिक्षण-पद्धति में गुणात्मक सुधार का उदाहरण है। वीमेंस कॉलेज, समस्तीपुर शिक्षा में नवाचार, तकनीक और गुणवत्ता को प्राथमिकता देते हुए छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।

Related Articles

Back to top button