ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के कुलपति की अध्यक्षता में हाइब्रिड मोड में सिंडिकेट की बैठक आयोजित
महात्मा गांधी कॉलेज, दरभंगा में सत्र 2027-29 से होगी हिन्दी, इतिहास एवं राजनीति विज्ञान की स्नातकोत्तर की पढ़ाई प्रारंभ
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के कुलपति की अध्यक्षता में हाइब्रिड मोड में सिंडिकेट की बैठक आयोजित
महात्मा गांधी कॉलेज, दरभंगा में सत्र 2027-29 से होगी हिन्दी, इतिहास एवं राजनीति विज्ञान की स्नातकोत्तर की पढ़ाई प्रारंभ

जे टी न्यूज़, दरभंगा : ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के कुलपति प्रोफेसर संजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में कुलपति के आवासीय कार्यालय के सभाकक्ष में हाइब्रिड मोड में सिंडिकेट की महत्त्वपूर्ण बैठक कल देर शाम आयोजित की गई, जिसमें ऑफलाइन मोड में प्रो हरि नारायण सिंह, प्रो धनेश्वर प्रसाद सिंह, डॉ दिव्या रानी हंसदा, विधायक सुजीत पासवान, प्रो अशोक कुमार मेहता, प्रो विजय कुमार यादव एवं डॉ अमर कुमार, जबकि ऑनलाइन मोड में डॉ बैद्यनाथ चौधरी ‘बैजू’, प्रो दिलीप कुमार चौधरी, प्रो नारायण झा, डॉ सविता वर्मा एवं डॉ शिखर वासिनी आदि उपस्थित रहे। कुलसचिव डॉ दिव्या रानी हंसदा द्वारा बैठक के लिए निर्धारित कोरम पूर्ण होने की जानकारी देने के साथ ही कुलपति के आदेश से बैठक की कार्यवाही प्रारंभ हुई। कुलसचिव ने बैठक का संचालन एवं सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने विगत ढाई वर्षो में विश्वविद्यालय में हुई विभिन्न उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कहा कि हमारे विश्वविद्यालय में अनेक नए रोजगार परख कोर्स प्रारंभ किए गए हैं जो बिहार के अन्य विश्वविद्यालयों में नहीं हैं। बैठक में अभिषद् की दिनांक 18. 07.26 को संपन्न बैठक की कार्यवृत्त की संपुष्टि की गई, विद्वत-परिषद् की दिनांक 19.08.26 को संपन्न बैठक में लिए गए निर्णयों का अनुमोदन किया गया तथा 30.08.26 को वित्त समिति की बैठक के कार्यवृत्त की संपुष्टि की गई। वहीं दिनांक 27.08.2026 को क्रीड़ा समिति की बैठक में लिए गए निर्णयों को कुछ संशोधनों के साथ अनुमोदित किया गया।

प्रो हरि नारायण सिंह की मांग पर सर्वसम्मति से महात्मा गांधी कॉलेज, दरभंगा में सत्र 2027-29 से हिन्दी, इतिहास एवं राजनीति विज्ञान की स्नातकोत्तर की पढ़ाई प्रारंभ करने की सैद्धांतिक सहमति देते हुए कहा गया कि इस बीच में बाकी सारी प्रक्रियाएं पूरी कर ली जाए।
बैठक में ऑनलाइन जुड़े डॉ बैद्यनाथ चौधरी ‘बैजू’ के अस्वस्थता की जानकारी होने पर उपस्थित सदस्यों ने उनके शीघ्र पूर्ण स्वस्थ होने की कामना की। डॉ हरि नारायण सिंह की मांग पर कि हाल ही में प्रभारी प्रधानाचार्य बनाए गए 1 वर्ष के अंदर अवकाश ग्रहण करने वाले एवं अस्वस्थ शिक्षकों के आवेदन देने पर मानवीय आधार पर अपने मूल पद पर वापस करने का निर्णय लेने हेतु कुलपति को अधिकृत किया गया। डॉ बैद्यनाथ चौधरी ‘बैजू’ ने साक्षात्कार दे चुके शिक्षकों के प्रमोशन की अधिसूचना जारी करने की मांग की, जिसपर कुलपति ने शेष बचे शिक्षकों के साक्षात्कार के बाद शीघ्र ही अधिसूचना जारी करने की बात कही। धन्यवाद ज्ञापन कुलसचिव डॉ दिव्या रानी हंसदा ने किया।