कबाड़ से जुगाड़ कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा, अनुपयोगी वस्तुओं से बनाए आकर्षक मॉडल
स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत नगर पंचायत घोघरडीहा में आयोजित हुआ कार्यक्रम, कचरे के पुनः उपयोग एवं पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश कचरे को संसाधन में बदलना ही प्रभावी कचरा प्रबंधन का उद्देश्य : संदीप कुमार
कबाड़ से जुगाड़ कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा, अनुपयोगी वस्तुओं से बनाए आकर्षक मॉडल
स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत नगर पंचायत घोघरडीहा में आयोजित हुआ कार्यक्रम, कचरे के पुनः उपयोग एवं पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश
कचरे को संसाधन में बदलना ही प्रभावी कचरा प्रबंधन का उद्देश्य : संदीप कुमार

जे टी न्यूज,मधुबनी
स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के अंतर्गत नगर पंचायत घोघरडीहा द्वारा विद्यार्थियों में रचनात्मकता एवं पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करने के उद्देश्य से ‘कबाड़ से जुगाड़’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में घोघरडीहा आईटीआई कॉलेज एवं अंबिका पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अनुपयोगी एवं कबाड़ सामग्री का रचनात्मक उपयोग करते हुए आकर्षक और उपयोगी मॉडल तैयार किए। छात्र-छात्राओं ने अपने मॉडलों का प्रदर्शन करते हुए उनमें प्रयुक्त सामग्री, निर्माण की प्रक्रिया तथा उनकी उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उनकी प्रस्तुतियों ने यह संदेश दिया कि रचनात्मक सोच के माध्यम से बेकार समझी जाने वाली वस्तुओं को भी उपयोगी बनाया जा सकता है।
पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों का अवलोकन किया तथा उनकी रचनात्मकता, मेहनत और पर्यावरण के प्रति जागरूकता की सराहना की।
कार्यपालक पदाधिकारी संदीप कुमार ने कहा कि कचरे का उचित प्रबंधन स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक है। कचरे को केवल अनुपयोगी समझकर फेंकने के बजाय उसका पुनः उपयोग कर कई उपयोगी वस्तुएँ बनाई जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा कबाड़ सामग्री से तैयार किए गए मॉडल रचनात्मकता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी जागरूकता को भी दर्शाते हैं। ऐसे आयोजनों से बच्चों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
मुख्य पार्षद एवं कार्यपालक पदाधिकारी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए Reduce, Reuse एवं Recycle के सिद्धांतों को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कचरे को कम करना, उसका पुनः उपयोग करना और पुनर्चक्रण के माध्यम से उसे संसाधन में बदलना प्रभावी कचरा प्रबंधन का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को कचरे के पुनः उपयोग के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। साथ ही, दैनिक जीवन में कचरे को कम करने और अनुपयोगी वस्तुओं का अधिकतम उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
मौके पर नगर पंचायत घोघरडीहा के स्वच्छता पदाधिकारी नौशाद आलम,पार्षद, सहित बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।


