पढ़ाई की जगह बर्तन धो रहे नौनिहाल

उदाकिशुनगंज के इस स्कूल में बेपरवाह प्रशासन, सामने आया हैरान करने वाला वीडियो

पढ़ाई की जगह बर्तन धो रहे नौनिहाल

उदाकिशुनगंज के इस स्कूल में बेपरवाह प्रशासन, सामने आया हैरान करने वाला वीडियो

जे टीन्यूज/उदाकिशुनगंज (मधेपुरा):
बिहार सरकार भले ही शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई के लिए लाख दावे कर रही हो, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोलती नजर आ रही है। ताजा मामला उदाकिशुनगंज प्रखंड क्षेत्र के खाड़ा पंचायत अंतर्गत नवसृजित प्राथमिक विद्यालय शिनवारा चबियारी का है, जहां मिड-डे मील के बाद छोटे-छोटे बच्चों से झूठे बर्तन धुलवाने का एक वीडियो प्रकाश में आया है। जबकि शिक्षा विभाग का स्पष्ट और सख्त निर्देश है कि किसी भी परिस्थिति में स्कूली बच्चों से मध्यान्ह भोजन के बाद बर्तन नहीं धुलवाए जाएंगे। इसके बावजूद, इस विद्यालय के शिक्षक विभागीय आदेशों को ठेंगा दिखाते हुए नौनिहालों से खुलेआम बर्तन साफ करवा रहे हैं। यह वीडियो न सिर्फ व्यवस्था की लाचारी को बयां करता है, बल्कि शिक्षा विभाग की लचर मॉनिटरिंग पर भी एक बड़ा सवालिया निशान खड़ा करता है।
ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि वे अपने जिगर के टुकड़ों को इसलिए स्कूल भेजते हैं कि वे पढ़-लिखकर अपने भविष्य को संवार सकें। लेकिन स्कूल में पढ़ाई के बजाय बच्चों से इस तरह के काम कराए जाने से अभिभावकों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया कि यह कोई पहली बार नहीं है, बल्कि विद्यालय में अक्सर रोजाना बच्चों से बर्तन धुलवाए जाते हैं। इस अमानवीय और गैर-कानूनी कृत्य को लेकर कई बार ग्रामीणों ने विद्यालय प्रशासन से शिकायत भी की, लेकिन स्कूल के प्रधानाध्यापक ने हर बार इन शिकायतों को अनसुना कर दिया और अपनी मनमानी जारी रखी। मामले के तूल पकड़ने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है।

*इस संबंध में उदाकिशुनगंज के बीईओ सागर चौधरी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा:*

बच्चों से बर्तन धुलवाने की जानकारी मिली है। इस संबंध में संबंधित विद्यालय के शिक्षक से स्पष्टीकरण पूछा जाएगा। यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो दोषी शिक्षक पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button