दरभंगा में संजय कुमार झा का भव्य स्वागत, एनडीए प्रत्याशियों की जीत का लिया संकल्प
कार्यकर्ता एवं शिक्षक संवाद में बूथ स्तर तक चुनावी रणनीति मजबूत करने पर जोर
दरभंगा में संजय कुमार झा का भव्य स्वागत, एनडीए प्रत्याशियों की जीत का लिया संकल्प
कार्यकर्ता एवं शिक्षक संवाद में बूथ स्तर तक चुनावी रणनीति मजबूत करने पर जोर

दरभंगा, 4 अक्टूबर। जनता दल (यूनाइटेड) की ओर से रविवार को दिल्ली मोड़ स्थित होटल गोविंदा पैलेस में कार्यकर्ता एवं शिक्षक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान आगामी बिहार विधान परिषद शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में एनडीए समर्थित प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने को लेकर कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू जिलाध्यक्ष सह विधायक राजेश कुमार उर्फ ईश्वर मंडल ने की। उन्होंने संजय कुमार झा को परिवहन, पर्यटन एवं संस्कृति संबंधी संसदीय स्थायी समिति का पुनः अध्यक्ष बनाए जाने पर दरभंगा की जनता एवं पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से बधाई दी। उन्होंने कहा कि संजय कुमार झा के मार्गदर्शन में मिथिला के विकास को नई गति मिली है।
संजय कुमार झा ने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए बूथ स्तर तक चुनावी रणनीति को मजबूत करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार की उपलब्धियां और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास कार्य कार्यकर्ताओं की सबसे बड़ी ताकत हैं।
बैठक में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. घनश्याम राय तथा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से सर्वेश कुमार को एनडीए समर्थित प्रत्याशी बताते हुए उनकी जीत के लिए समन्वित अभियान चलाने पर चर्चा हुई। मंत्री मदन सहनी, विधान पार्षद डॉ. भारती मेहता एवं विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
वक्ताओं ने शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं के बीच सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को पहुंचाने तथा दोनों प्रत्याशियों के पक्ष में एकजुट होकर कार्य करने की अपील की।

कार्यक्रम में प्रत्याशी डॉ. घनश्याम राय, विधायक सुधांशु शेखर, विधायक सतीश साह सहित जदयू के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता, शिक्षक प्रतिनिधि, प्रबुद्ध मतदाता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


