जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का जे.एन.के.टी. स्टेडियम में भव्य शुभारंभ

जिलाधिकारी ने किया प्रतियोगिता का उद्घाटन, राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी सुनंदा कुमारी ने प्रज्वलित की खेल मशाल

जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का जे.एन.के.टी. स्टेडियम में भव्य शुभारंभ

जिलाधिकारी ने किया प्रतियोगिता का उद्घाटन, राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी सुनंदा कुमारी ने प्रज्वलित की खेल मशाल

जे टी न्यूज, खगड़िया: विद्यालयी विद्यार्थियों में खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने, खेल के प्रति रुचि विकसित करने तथा जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का भव्य शुभारंभ आज जे.एन.के.टी. स्टेडियम, खगड़िया में जिलाधिकारी, खगड़िया द्वारा किया गया।

उद्घाटन समारोह में जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें खेल भावना, अनुशासन और पूरी निष्ठा के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी सुनंदा कुमारी ने प्रज्वलित की खेल मशाल

उद्घाटन समारोह के दौरान बैडमिंटन में राष्ट्रीय स्तर पर खगड़िया जिले का प्रतिनिधित्व कर चुकी खिलाड़ी सुनंदा कुमारी ने खेल मशाल प्रज्वलित की। इसके पश्चात उन्होंने खेल मशाल के साथ मार्च किया।

खेल मशाल प्रज्वलन एवं मार्च के बाद सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन, निष्पक्षता एवं ईमानदारी के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ दिलाई गई। खिलाड़ियों ने खेल के नियमों का पालन करते हुए अपनी पूरी क्षमता के साथ प्रदर्शन करने का संकल्प लिया।

विभिन्न खेल स्थलों पर हुई प्रतियोगिताएं

प्रतियोगिता के अंतर्गत अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल विधाओं में प्रतिभाग किया।

जे.एन.के.टी. स्टेडियम में एथलेटिक्स की प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। इनमें 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 600 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर, 3000 मीटर एवं 5000 मीटर दौड़, लंबी कूद तथा गोला फेंक की स्पर्धाएं शामिल रहीं, जिसमें 700 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया।

खेल भवन, खगड़िया में कराटे, वुशु, भारोत्तोलन एवं कुश्ती की प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। इन सभी विधाओं में अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के 200 से अधिक बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने भाग लिया।

वहीं इंडोर स्टेडियम, खगड़िया में बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें सभी निर्धारित आयु वर्गों के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर जिला प्रशासन का जोर

जिलाधिकारी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास एवं निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है। विद्यालय स्तर से ही प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें उचित प्रशिक्षण एवं अवसर उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में जीत एवं हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना के साथ अपनी क्षमता का सर्वोत्तम प्रदर्शन करना है। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।

पदाधिकारियों की रही उपस्थिति

उद्घाटन समारोह में उप विकास आयुक्त श्रीमती श्रेया , अपर समाहर्ता एम.डी. जियाउर्रहमान, जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार गोंड, वरीय उप समाहर्ता-सह-जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार, जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी चंदन कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी घनश्याम कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी, खेल प्रशिक्षक, शारीरिक शिक्षक, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में प्रतिभागी खिलाड़ी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान पदाधिकारियों एवं उपस्थित अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा जिले में खेल गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने पर जोर दिया।

जिला प्रशासन की ओर से प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, शारीरिक शिक्षकों, विद्यालयों एवं आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी गई।

 

Related Articles

Back to top button