पीएम-विद्यालक्ष्मी योजना से उच्च शिक्षा के सपनों को मिलेगी नई उड़ान : डॉ. मो. रहमतुल्लाह

महारानी कल्याणी महाविद्यालय में यूनियन बैंक और एनएसएस के संयुक्त तत्वावधान में वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

पीएम-विद्यालक्ष्मी योजना से उच्च शिक्षा के सपनों को मिलेगी नई उड़ान : डॉ. मो. रहमतुल्लाह

महारानी कल्याणी महाविद्यालय में यूनियन बैंक और एनएसएस के संयुक्त तत्वावधान में वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

दरभंगा। आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की उच्च शिक्षा बाधित नहीं होनी चाहिए। इसी उद्देश्य से विद्यार्थियों को शैक्षणिक ऋण और सरकारी वित्तीय सहायता योजनाओं के प्रति जागरूक करने के लिए महारानी कल्याणी महाविद्यालय, लहेरियासराय में पीएम-विद्यालक्ष्मी शैक्षणिक ऋण योजना पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की दरभंगा शाखा और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में प्रधानाचार्य डॉ. मो. रहमतुल्लाह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य डॉ. मो. रहमतुल्लाह ने कहा कि इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को शैक्षणिक ऋण की प्रक्रिया से परिचित कराने के साथ-साथ उच्च शिक्षा के लिए उपलब्ध वित्तीय सहायता के विकल्पों की जानकारी देना है। उन्होंने कहा कि पीएम-विद्यालक्ष्मी योजना उच्च शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक विद्यार्थियों के सपनों को नई उड़ान देने में सहायक हो सकती है। विद्यार्थियों को योजनाओं की जानकारी लेकर बैंक से जुड़ने और पात्रता के अनुसार लाभ उठाने के लिए आगे आना चाहिए।

शिक्षा में निवेश से युवाओं का भविष्य होगा उज्ज्वल : डॉ. रीता कुमारी

राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. रीता कुमारी ने कहा कि शिक्षा में जितना अधिक गुणात्मक निवेश होगा, भारत और युवाओं का भविष्य उतना ही उज्ज्वल होगा। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों और बैंकिंग संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय से विद्यार्थियों तक वित्तीय सहायता योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जा सकती है। इससे विद्यार्थी समय पर उचित निर्णय लेकर उच्च शिक्षा के अपने सपनों को साकार कर सकेंगे।

बैंक अधिकारियों ने दी ऋण प्रक्रिया की जानकारी

कार्यक्रम में यूनियन बैंक के अधिकारियों ने विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को पीएम-विद्यालक्ष्मी योजना के प्रावधानों, पात्रता मानदंड, पात्र पाठ्यक्रमों एवं शिक्षण संस्थानों, ऋण की राशि, ब्याज दर, ऋण की शर्तों तथा पात्रतानुसार ब्याज सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही ऑनलाइन आवेदन, आवश्यक दस्तावेज और ऋण पुनर्भुगतान की प्रक्रिया भी समझाई गई।

बैंक अधिकारियों ने कहा कि शैक्षणिक ऋण और सरकारी योजनाओं की सही जानकारी विद्यार्थियों को आर्थिक चुनौतियों के बावजूद अपने शैक्षणिक एवं व्यावसायिक लक्ष्य हासिल करने में मदद कर सकती है। इस दौरान विद्यार्थियों और अभिभावकों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया तथा आवेदन से पहले योजना की पात्रता और शर्तों को अच्छी तरह समझने की सलाह दी गई।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों के बीच शपथ कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के बर्सर डॉ. सच्चिदानंद मिश्र, आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के समन्वयक डॉ. रंजन कुमार ठाकुर, खेल प्रभारी डॉ. सुरेश चन्द्र, परीक्षा नियंत्रक डॉ. आलोक प्रभात और उप-परीक्षा नियंत्रक डॉ. अभय कुमार सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैंक की ओर से गौरव कुमार, शाखा प्रबंधक, मिर्जापुर, दरभंगा; ज्ञानेश कुमार, शाखा प्रबंधक, दरभंगा; श्याम मनोहर मिश्र, प्रबंधक तथा नरेंद्र कुमार, सहायक प्रबंधक सहित अन्य बैंककर्मी मौजूद थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

Related Articles

Back to top button