मॉडल स्कूल पीआर इंटर विद्यालय का डीईओ ने किया औचक निरीक्षण
प्रयोगशाला में रनिंग वाटर, वॉश बेसिन और अग्निशमन यंत्र लगाने का निर्देश; टूटे बेंच-डेस्क की मरम्मत पर दिया जोर
मॉडल स्कूल पीआर इंटर विद्यालय का डीईओ ने किया औचक निरीक्षण
प्रयोगशाला में रनिंग वाटर, वॉश बेसिन और अग्निशमन यंत्र लगाने का निर्देश; टूटे बेंच-डेस्क की मरम्मत पर दिया जोर
जे टी न्यूज,
समस्तीपुर : मॉडल स्कूल के रूप में चयनित पीआर इंटर विद्यालय, कर्पूरीग्राम का शुक्रवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी कामेश्वर प्रसाद गुप्ता ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं, विद्यार्थियों की सुरक्षा और उपलब्ध संसाधनों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रभारी प्रधानाध्यापिका किरण झा को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान डीईओ ने प्रयोगशाला में रनिंग वाटर की व्यवस्था करने, टूटे हुए बेंच-डेस्क की शीघ्र मरम्मत कराने तथा विद्यार्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध जिम एवं व्यायामशाला के उपकरणों को व्यवस्थित रखने और उनका बेहतर उपयोग करने पर भी जोर दिया। इसके अलावा आवश्यक स्थानों पर वॉश बेसिन लगाने तथा खराब एवं अनुपयोगी सामग्री का नियमानुसार निस्तारण करने को कहा।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश
विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी ने विद्यालय भवन के अंदर और बाहर आवश्यक स्थानों पर अग्निशमन यंत्र लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने मुख्य द्वार पर आपातकालीन निकासी मानचित्र (इमरजेंसी एग्जिट मैप) लगाने को भी कहा, ताकि किसी आपात स्थिति में विद्यार्थी और शिक्षक सुरक्षित बाहर निकलने का रास्ता आसानी से समझ सकें।
डीईओ ने कहा कि मॉडल स्कूल के रूप में चयनित होने के कारण विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने, उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने तथा नए शैक्षणिक नवाचारों को बढ़ावा देने की जरूरत है। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ उनके सर्वांगीण विकास और सुरक्षा के लिए भी बेहतर व्यवस्था होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं ने भी जिला शिक्षा पदाधिकारी के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। उन्होंने उनकी बातों को सुना और विद्यालय की व्यवस्था में आवश्यक सुधार के लिए दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के शिक्षाविद् नित्यानंद राय, वरीय शिक्षिका डॉ. बेबी कुमारी, संजीव नयन, तरुण कुमार झा सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।


