प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर समस्तीपुर पुलिस अलर्ट, डीआईजी ने की सुरक्षा समीक्षा

रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने का निर्देश

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर समस्तीपुर पुलिस अलर्ट, डीआईजी ने की सुरक्षा समीक्षा

रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने का निर्देश
जे टी न्यूज,


समस्तीपुर । वैशाली के जाफरपट्टी औद्योगिक क्षेत्र में 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर समस्तीपुर पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जिले से बड़ी संख्या में लोगों के जाने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है।

शुक्रवार को मिथिला प्रक्षेत्र के डीआईजी मनोज कुमार तिवारी ने समस्तीपुर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने परिसदन में एसपी अरविंद प्रताप सिंह सहित जिले के सभी डीएसपी और सर्किल इंस्पेक्टर के साथ बैठक की। बैठक में रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की सक्रियता बढ़ाने का निर्देश दिया गया। होटलों तथा बाहरी लोगों के ठहरने वाले स्थानों पर भी विशेष निगरानी रखने को कहा गया।

डीआईजी ने संवेदनशील स्थलों पर सघन जांच अभियान चलाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले से कार्यक्रम में जाने वाले लोगों की संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात प्रबंधन और सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।

बैठक के दौरान डीआईजी ने जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिस की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की। उन्होंने लंबे समय से लंबित कांडों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने तथा सक्रिय अपराधियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। ठंड के मौसम में चोरी और गृहभेदन की घटनाओं की आशंका को देखते हुए रात्रि गश्ती प्रभावी बनाने पर जोर दिया। साथ ही संवेदनशील इलाकों में नियमित गश्ती और आपराधिक गतिविधियों पर सतत नजर रखने का निर्देश दिया।

Related Articles

Back to top button