महात्मा गाँधी केविवि में होगा साइबर सुरक्षा केंद्र का उदघाटन

 

 

 इलेक्ट्रॉनिकी व् सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के वरिष्ठ वैज्ञानिक सह महानिदेशक एसक्यूटीसी श्री अरविन्द कुमार होंगे मुख्य अतिथि

 

 विवि के कुलपति प्रो. संजीव शर्मा करेंगे अध्यक्षता

 

 प्रो. विकास पारीक हैं इस केंद्र के समन्वयक

जे टी न्यूज

 

मोतिहारी::-महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय में नवगठित साइबर सुरक्षा केंद्र का उदघाटन समारोह शनिवार 12 दिसम्बर को विवि के चाणक्य परिसर में स्थित पंडित राजकुमार शुक्ल सभागार में होगा। विश्वविद्यालय के कंप्यूटर विज्ञान , संचार व् सूचना प्रौद्योगिकी संकाय के अधिष्ठाता प्रो. विकास पारीक इस केंद्र के समन्वयक बनाए गए हैं।

 

हाल ही में हुई विजिटर्स कॉन्फ्रेंस में महामहिम राष्ट्रपति जी ने राष्ट्रीय शिक्षा ने पर अपने उद्बोधन में साइबर सुरक्षा को भी एक महत्वपूर्ण बिंदु के रूप में इंगित किया था। महात्मा गाँधी केंद्रीय विश्वविद्यालय प्रारम्भ से ही राष्ट्रीय शिक्षा नीति के समग्र क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में विवि के कुलपति प्रो. संजीव शर्मा ने कई शोध अध्ययन केंद्रों के गठन की अनुशंसा की थी।

 

जैसे जैसे कंप्यूटर का प्रयोग बढ़ता जा रहा है , साइबर स्पेस में खतरे भी बढ़ते जा रहे हैं। ऐसी चुनौतियों से निपटने के लिए साइबर सुरक्षा में शोध व् प्रशिक्षण की आवश्यकता बढ़ गयी है। इस केंद्र के उद्देश्यों में साइबर सुरक्षा व् सम्बद्ध विषयों में शोध, अध्यापन व् प्रशिक्षण के अतिरिक्त आम जन में साइबर क्राइम व् सुरक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करना भी है। केंद्र का विशेष जोर महिलाओं व् बच्चों के विरुद्ध साइबर अपराध, वित्तीय धोखाधड़ी, ब्लॉकचैन , आईओटी जैसी आधुनिक तकनीकों व् सुरक्षा मानकों के विकास पर रहेगा। यह केंद्र बिहार में साइबर सुरक्षा नीति निर्माण व् शोध के लिए कार्य करेगा।

 

साइबर सुरक्षा शोध केंद्र के उदघाटन सम्मरोह की अध्यक्षता विवि के कुलपति प्रो. संजीव शर्मा करेंगे व् मुख्य अतिथि इलेक्ट्रॉनिकी व् सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (मेइटी) के वरिष्ठ वैज्ञानिक सह महानिदेशक एसक्यूटीसी श्री अरविन्द कुमार होंगे वहीँ विशिष्ट अतिथि के रूप में मेइटी के वैज्ञानिक डॉ संतोष कुमार पांडेय होंगे। कार्यक्रम में विवि के शिक्षक, अधिकारी व् विद्यार्थी प्रत्यक्ष रूप से सम्मिलित होंगे। बाह्य अतिथि विडिओ कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़ेंगे।

 

विवि के कुलपति प्रो संजीव शर्मा ने इस आयोजन की सफलता हेतु अपनी अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं।

Website Editor :- Neha Kumari

Related Articles

Back to top button