दरभंगा विश्वविद्यालय में हॉकी के जादूगर और पद्म भूषण से सम्मानित मेजर ध्यानचंद की मनायी गयी जयंती

दरभंगा विश्वविद्यालय में हॉकी के जादूगर और पद्म भूषण से सम्मानित मेजर ध्यानचंद की मनायी गयी जयंती


जेटी न्यूज
दरभंगा: रविवार को विश्वविद्यालय खेल एवं सांस्कृतिक विभाग , ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा में हॉकी के जादूगर और पद्म भूषण से सम्मानित मेजर ध्यानचंद की जयंती मनायी गयी। कार्यक्रम की शुरुआत मेजर ध्यान चंद के चित्र पर पुष्प अर्पित करने के साथ हुआ। अध्यक्षीय उद्बोधन में खेल पदाधिकारी प्रो० अजय नाथ झा ने कहा कि उनका सम्पूर्ण जीवन खेल और देश के प्रति समर्पित रहा है। भारत ने 1936 के ओलंपिक हॉकी फ़ाइनल में जर्मनी को 8-1 से हरा दिया था।

जिसमें ध्यानचंद ने अकेले 3 गोल किए थे। भारत की इस जीत के बाद हिटलर तुंरत स्टेडियम छोड़ कर चला गया था। वहीं शाम को जब हिटलर ने ध्यानचंद से पूछा कि तुम हॉकी खेलने के अलावा क्या करते हो, तो उनका जवाब था भारतीय सेना का सैनिक हूं। इसके बाद हिटलर ने उन्हें जर्मनी की सेना में भर्ती होने का ऑफ़र दिया। लेकिन उन्होंने यह कह कर ठुकरा दिया कि देश को आगे बढ़ाना मेरी ज़िम्मेदारी है। मेजर ध्यानचंद से न केवल खेल जगत अपितु हर भारतीय को सीख मिलती आई है और वो आज भी एक आदर्श रूप में जीवंत है ।

इस अवसर पर उप खेल पदाधिकारी श्री अमृत झा ने कहा कि हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को गोल करने की अद्भुत कला प्राप्त थी। भारत को लगातार 3 ओलम्पिक खेलों में ‘स्वर्ण पदक’ दिलाने वाले इस महान खिलाड़ी के सम्मान में भारत सरकार द्वारा उनकी जयंती को “राष्ट्रीय खेल दिवस” के रूप में मनाया जाता है। हॉकी के इस महान खिलाड़ी ने 1928, 1932 और 1936 के ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व किया और तीनों ही बार देश को गोल्ड मेडल दिलाने में कामयाबी हासिल की। देश को इनके जैसा खिलाड़ी दुबारा नहीं मिला। चार दशक बाद भारत को ओलंपिक में हॉकी का पदक मिला।

इस शुभ अवसर पर हम सभी आशा करते है कि खेल जगत उनके द्वारा दिए गए आदर्शो को आत्मसात करेगा और नयी बुलंदियों को प्राप्त कर सम्पूर्ण विश्व में देश का नाम रौशन करेगा। इस अवसर पर विभाग के श्री अशोक कुमार अरविंद, श्री सुमित कुमार झा, कबड्डी प्रशिक्षक अमित कुमार, सुदर्शन कुमार के साथ-साथ फुटबॉल कबड्डी एवं अन्य खेल के महिला एवं पुरुष खिलाड़ी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button