लालू यादव के ऑपरेशन के बीच जगदानंद सिंह ने कह दी बड़ी बात, किया एक ‘बेटी’ को सलाम

लालू यादव के ऑपरेशन के बीच जगदानंद सिंह ने कह दी बड़ी बात, किया एक ‘बेटी’ को सलाम

भागलपुर/पटना : सिंगापुर में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की किडनी का ट्रांसप्लांट आखिरकार सोमवार को सफल हो गया। उनका इलाज सिंगापुर के एक बड़े अस्पताल में चल रहा है। इस बीच जगदानंद सिंह ने उनके ऑपरेशन के सफल होने की कामना की थी और उन्होंने कहा था कि गरीबों के मसीहा लालू प्रसाद यादव जल्द ही जनता के बीच लौट कर आएंगे। उन्होंने कहा था कि पूरे देश में उनकी सलामती और ऑपरेशन सफल होने के लिए प्रार्थना चल रही है। पूरे देश और बिहार के लोग उनके लिए प्रार्थना कर रहे हैं। जगदानंद सिंह ने इस बीच राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की और कहा कि लालू प्रसाद यादव जैसे नेता के लिए आज लोगों के दिलों में प्यार है। जिसका नतीजा है कि लालू यादव की सलामती के लिए दुआओं के हाथ उठ रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि लालू यादव की छवि खराब करने की कोशिश की गई लेकिन सच्चे मन से यदि कोई काम किया जाता है तो उसका फल मिलता है।
रोहिणी की तारीफ कर दिया बड़ा संदेश : आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह भावुक नजर आए और दार्शनिक की तरह कई बातें कहीं। जगदानंद सिंह ने कहा कि आज उनकी बेटी ने एक उदाहरण पेश किया है, रोहिणी आचार्य ने अपनी किडनी अपने पिता को दान की है। साथ ही उन्होंने लालू प्रसाद यादव के पारिवारिक बॉन्ड की भी तारीफ करते हुए कहा ये परिवार मुश्किलों में एक साथ हमेशा खड़ा हो जाता है। जगदानंद सिंह ने लालू परिवार की तारीफ करते हुए कहा कि ‘लालू यादव के लिए उनके हजारों कार्यकर्ता किडनी देने को तैयार थे। लेकिन हजारों कार्यकर्ता अपनी किडनी दान करके भी उस महत्व को नहीं पा सकते थे जो उनकी बेटी ने अपनी किडनी देकर पाया है।’
परिवार का बताया महत्व : जगदानंद सिंह ने कहा कि ‘ये इस परिवार की बहुत बड़ी ताकत है कि उन्होंने मुश्किल के समय में भी साथ नहीं छोड़ा, आज उनकी बेटी रोहिणी ने बड़ा काम किया है। रोहिणी ने इस पूरे देश के सामने एक उदाहरण पेश किया है।’ उन्होंने कहा कि प्रकृति ने शरीर के हर महत्वपूर्ण अंग को दो बनाया है, एक किडनी न भी रहे तो फिर दूसरे पर इंसान जिंदा रह सकता है। जगदानंद सिंह ने कहा कि ‘लालू जी की शिकायत करने वाले जरा ध्यान से देखें। कमजोर गरीब और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले देख लो लालू जी की बेटी ने कितना अनुकरणीय काम किया है।’

Related Articles

Back to top button