प्रदेश कार्यालय में जद(यू0) महिला प्रकोष्ठ की परिचयात्मक बैठक का हुआ आयोजन 

प्रदेश कार्यालय में जद(यू0) महिला प्रकोष्ठ की परिचयात्मक बैठक का हुआ आयोजन 

मोदी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए आधी आबादी को अग्रणी भूमिका निभाना होगा- उमेश सिंह कुशवाहा

मोदी सरकार में महिलाओं पर अत्याचार बढ़ा- ललन सर्राफ

नीतीश कुमार के शासनकाल में सशक्त हुई है बिहार की महिलाएं- डाॅ0 भारती मेहता

जे टी न्यूज़ , पटना : गुरुवार को पार्टी कार्यालय के कर्पूरी सभागार में बिहार प्रदेश जनता दल (यू0) महिला प्रकोष्ठ की ओर से परिचयात्मक बैठक सम्पन्न हुआ। बैठक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा एवं पार्टी के कोषाध्यक्ष सह विधानपार्षद श्री ललन कुमार सर्राफ बतौर मुख्यातिथि बैठक में मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष डाॅ0 भारती मेहता एवं कार्यक्रम का संचालन श्रीमती पूजा एन शर्मा ने किया। इस बैठक में जननायक कर्पूरी ठाकुर की 100 वीं जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर वृहद चर्चा हुई। साथ ही मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के जल जीवन हरियाली मिशन को गति देने के लिए महिला प्रकोष्ठ द्वारा 200 से अधिक पौधों का वितरण किया गया। 1 जनवरी को नए साल की अवसर पर महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश पदाधिकारियों एवं जिला अध्यक्षों द्वारा अपने आवासीय परिसर में पौधारोपण किया जाएगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में जातीय गणना एवं आरक्षण के दायरे को बढ़ाने का जो ऐतिहासिक कदम उठाया गया है उसे महिला प्रकोष्ठ के द्वारा विशेष अभियान चलाकर जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

अपने संबोधन में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि महिलाओं का अथाह आशीर्वाद और समर्थन जनता दल (यू0) को हासिल है इसलिए हमें विश्वास है कि कोई ताकत चाहकर भी जनता दल (यू0) का नुकसान नहीं कर सकता है। हमें यह बात कहने में भी कोई संकोच नहीं है कि महिलाएं ही हमारी पार्टी की आधारभूत शक्ति है और इसका एकमात्र कारण है महिलाओं को सशक्त और सबल बनाने के लिए मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के अभूतपूर्व योगदान। श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिए हमें एकजुट होना है। 18 वर्षों में हमारे नेता ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में जो काम किए है उसकी प्रशंसा आज दुनियाभर में होती है। जयप्रकाश नारायण, डाॅ0 भीमराव अम्बेडकर, राम मनोहर लोहिया और कर्पूरी ठाकुर ने महिलाओं को प्रतिनिधित्व देने का जो सपना देखा था। उसे हमारे नेता ने पूरा किया है। नगर निकाय, पंचायती राज एवं राज्य सरकार की सरकारी नौकरियों में हमारे नेता ने प्रदेश की महिलाओं को आरक्षण दिया। श्री नीतीश कुमार के कार्यों का अनुकरण आज दूसरे प्रदेशों की सरकारें भी कर रही है। मुख्यमंत्री ने हर घर में शौचालय निर्माण कराया, हर घर तक बिजली पहुंचाया और नली गली योजनाओं के तहत हर घर को पक्की सड़क से जोड़ा। उन्होंने कहा कि भाजपा देश को पुनः गुलामी की ओर धकेलना चाहती है। अपने देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए देश की आधी आबादी को अग्रणी भूमिका निभाना होगा। महिलाएं एकजुट हो जायेगी तो भाजपा का खाता खुलना भी मुश्किल है। पार्टी के कोषाध्यक्ष सह माननीय विधानपार्षद श्री ललन कुमार सर्राफ ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार की यह सोच है कि एक तिहाई महिलाओं की संसदीय भागीदारी सुनिश्चित हो। श्री ललन कुमार सर्राफ ने नए साल के अवसर पर महिला प्रकोष्ठ द्वारा पौधारोपण के अभियान की भी प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने महिला प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से कहा कि गांव-गांव घूमकर भाजपा के साजिश का भंडाफोड़ करें और श्री नीतीश कुमार के विकास कार्यों से लोगों को अवगत कराएं। श्री ललन कुमार सर्राफ ने कहा कि मोदी सरकार के शासनकाल में महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहा है। महिला पहलवानों के साथ बदसलूकी और मणिपुर की हृदयविदारक घटना देश भुला नहीं है। वही दूसरी तरफ हमारे नेता महिला सशक्तिकरण की दिशा में नजीर पेश कर रहे हैं। श्री ललन कुमार सर्राफ ने आरोप लगाया कि मा0 प्रधानमंत्री सिर्फ गुजरात के चंद उद्योगपतियों की चिंता करते हैं।

प्रदेश अध्यक्ष डाॅ0 भारती मेहता ने आह्वान किया कि मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के ड्रीम प्रोजेक्ट जल जीवन हरियाली मिशन को गति देने के लिए अपने आवासीय परिसर में वृक्ष को लगाकर नए साल की शुरुआत करें। उन्होंने कहा कि जातीय गणना के अति महत्वपूर्ण कार्य को पूरा कर मा0 मुख्यमंत्री ने आरक्षण का दायरा बढ़ाया। श्री नीतीश कुमार का यह फैसला बिहार में समतामूलक समाज को स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगा। डाॅ0 भारती मेहता ने कहा कि महिला प्रकोष्ठ के पदाधिकारीगण एवं कार्यकर्तागण द्वारा जातीय गणना और आरक्षण में बढ़ोतरी के युगान्तकारी निर्णय को बूथ स्तर तक प्रचारित किया जायेगा। महिला सशक्तिकरण में मा0 मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार का कार्य अतुलनीय है। अब बिहार की महिलाएं एकजुट होकर श्री नीतीश कुमार के हाथो को मजबूत करेगी। कार्यक्रम में मुख्य रूप से मौजूद बिहार सरकार की पूर्व मंत्री श्रीमती रंजू गीता, प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती अंजुम आरा, महिला प्रकोष्ठ की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती स्वेता विश्वास, पूर्व विधानपार्षद मोहतरमा रोजिना नाजिश, पूर्व विधायक श्रीमती रेणु पासवान, श्रीमती मंजू देवी, श्रीमती मालती सिंह, श्रीमती किरण रंजन, प्रदेश प्रवक्ता सुश्री अनुप्रिया, श्रीमती संगीता यादव, श्रीमती ममता शर्मा, श्रीमती यास्मिन खान सहित प्रदेशभर की महिला पदाधिकारी मौजूद रही।

Related Articles

Back to top button