साहिबगंज में ठंड ने बरपाया कहर अभी और बढ़ेगी ठंड और कनकनी

साहिबगंज में ठंड ने बरपाया कहर अभी और बढ़ेगी ठंड और कनकनी

 

 

जे टी न्यूज, साहिबगंज(संजय कुमार धीरज): जिला मुख्यालय सहित सभी प्रखंडों में पिछले कुछ दिनों से भीषण ठंड ने अपना कहर बरपाना शुरू कर दिया है। कड़ाके की ठंड ने अमलोगों का जनजीवन प्रभावित किया है। घने कोहरे के कारण यहां की विजिविलिटी (दृष्यता) काफी कम हो गई है, जिससे यातायात भी प्रभावित हो रहा है। मुख्य सड़कों पर वाहन चालकों को वाहन चलाने में परेशानी हो रही है। वहीं साहिबगंज रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली सभी ट्रेनें अपने नियत समय से विलंब से चल रही है।

 

यहां अधिकतम तापमान में गिरावट और न्यूनतम तापमान में वृद्धि होती जा रही है। मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों तक ठंड से निजात नहीं मिलने की संभावना जताई है। इस भीषण ठंड में विद्यालय जाने वाले बच्चों को खासा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं मवेशी पलकों के सामने भी पशुओं को ठंड से बचाने में परेशानी हो रही है। शीतलहरी तथा बर्फीली हवाओं के कारण लोग अपने–अपने घरों में दुबके पड़े हैं। इसी वजह से बाजार वीरान और सड़कें सूनी हैं।

शहर में शुक्रवार को भी तेज ठंड पड़ी। रात में ठंडी हवा चली और खूब ओस भी गिरी। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि अगले 24 घंटे में रात के तापमान में थोड़ी और गिरावट होने की संभावना है। बता दें कि बीते सोमवार का दिन इस सीजन की सबसे ठंडी सुबह रही थी। लोग दोपहर में भी स्वेटर और जैकेट में नजर आए। वहीं सुबह से शाम तक आसमान में घना कोहरा भी छाया रहा।

अब मुख्यालय सहित सभी प्रखंडों में तापमान गिरने लगा है और ठंड बढ़नी शुरू हो गई है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में मौसम और ठंडा होगा और कनकनी भी बढ़ेगी। वहीं पूरे राज्य समेत साहिबगंज में ठंड का असर बरकरार है। सुबह–शाम या रात को ही नहीं, बल्कि दोपहर को भी ठंड लग रही है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों से तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट होगी। दिसंबर के अंत तक और जनवरी में भी शीतलहरी के साथ कड़ाके की ठंड पड़ेगी। शुक्रवार को यहां का अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई। सरकार ने भीषण ठंड को देखते हुए विद्यालयों में पठन–पाठन को लेकर नया नोटिफिकेशन जारी किया है। अब केजी वन से वर्ग पांच तक के बच्चों की कक्षाएं 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक संचालित की जाएंगी। यह आदेश 25 जनवरी तक के लिए तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।

 

Related Articles

Back to top button