अभामिपा ने बिस्फी विधायक बचौल पर लगाया क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप
- अभामिपा ने बिस्फी विधायक बचौल पर लगाया क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप

जे टी न्यूज, मधुबनी.
अखिल भारतीय मिथिला पार्टी के प्रदेश महासचिव मनोज झा ने बिस्फी क्षेत्र के विधायक हरिभुषण ठाकुर बचौल पर अनवरत इस एतिहासिक क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाया है। प्रेस के नाम जारी विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि बिस्फी विधानसभा क्षेत्र में इनके कार्यकाल में अबतक इनके द्वारा एक भी एतिहासिक कार्ययोजना को धरातल पर नहीं लाया गया। जबकि बिस्फी क्षेत्र में कई धार्मिक महत्व के स्थल एतिहासिक रुप से मौजूद हैं। वहीं मनोज झा ने कहा कि क्षेत्र में हर साल बाढ़ आती है और यह समस्या यथावत है। सिंचाई व्यवस्था की कमी से सिंचाई प्रणाली पूरी तरह ठप है। नहरें और पंप स्टेशन खराब होने से क्षेत्र के किसान अपने आपको ठगा सा महसूस कर रहे हैं। कृषि-आधारित अर्थव्यवस्था खासकर धान उत्पादक किसानों को बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ता है। क्षेत्र की जर्जर सड़कें, समुचित शिक्षा व्यवस्था, डिग्री कॉलेज और स्कूलों की कमी, शिक्षकों की अनुपस्थिति, ग्रामीण स्वास्थ्य, अस्पतालों में डॉक्टर दवाओं की कमी आदि समस्याओं का यथावत रहना विधायक बचौल की विफलताओं को दर्शाने के लिए पर्याप्त है।



