राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने हेतु न्यायिक पदाधिकारियों संग जिला जज ने की बैठक
राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने हेतु न्यायिक पदाधिकारियों संग जिला जज ने की बैठक

जे टी न्यूज, सासाराम (रोहतास) बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार पटना के पत्र के आलोक में एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार रोहतास सासाराम अनुज कुमार जैन के निर्देशानुसार दिनांक 09 मई 2026 दिन शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन व्यवहार न्यायालय सासाराम, अनुमण्डल न्यायालय, बिक्रमगंज एवं डिहरी में किया जाना है। राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने हेतु गुरुवार को 10:05 बजे पूर्वाह्न से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रोहतास सासाराम के प्रकोष्ठ में सभी न्यायिक पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गयी। बैठक में संबंधित सुलहनीय वादों के संबंध में विस्तार से चर्चा की गयी एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा निर्देश दिया गया कि सभी न्यायालय में पारा विधिक स्वयं सेवकों द्वारा सुलहनीय वादों में अधिक से अधिक नोटिस बनाने का कार्य करवाया जाय और न्यायालय से संबंधित सुलहनीय वादों का निष्पादन में पक्षकारों को नोटिस भेजें जिससे कि अधिक से अधिक वादों का निष्पादन किया जा सके। साथ ही साथ यह भी निर्देश दिया गया कि सभी न्यायालयों से सुलहनीय वादों में अधिक से अधिक पक्षकारों को नोटिस निर्गत किया जाय जिससे कि 09 मई 2026 को आयोजित होनेवाले राष्ट्रीय लोक अदालत में पक्षकार उपस्थित होकर अधिक से अधिक वादों का निष्पादन करा सकें। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार रोहतास सासाराम कुमार कृष्णदेव द्वारा बताया गया कि सभी न्यायालयों में पारा विधिक स्वयं सेवकों द्वारा नोटिस बनाने का कार्य किया जा रहा है एवं संबंधित पक्षकारों को नोटिस तामिला करायी जा रही है। बैठक में मुख्य न्यायिक दण्डाधिकरी श्रीमती राधा कुमारी, न्यायिक पदाधिकारीगण श्रीमती रोजी, सुधीर कुमार पासवान, सुमित कुमार, नीलेश भारद्वाज, उदयवीर सिंह, कुमार शुभम, कुषाण कुणाल, श्रीमती भावना नन्दा, कुमार नरुण, विनीत कुमार चौधरी, सुश्री निश्चया उपस्थित रहे।


