मानवाधिकार एवं लोकायुक्त मामलों के निष्पादन में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त : डीएम
सरकारी भूमि से जुड़े टाइटल सूट मामलों में प्रभावी पैरवी एवं नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने का निर्देश
जे टी न्यूज, मधेपुरा:

जिला पदाधिकारी अभिषेक रंजन की अध्यक्षता में जिला मुख्यालय स्थित झल्लू बाबू सभागार में बुधवार को विधि, मानवाधिकार, लोकायुक्त एवं सरकारी भूमि पर चल रहे टाइटल सूट से संबंधित मामलों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के वरीय एवं जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने लंबित मामलों की अद्यतन स्थिति से जिला पदाधिकारी को अवगत कराया।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने मानवाधिकार एवं लोकायुक्त से संबंधित मामलों के गंभीर एवं समयबद्ध निष्पादन पर विशेष बल दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी विभाग प्राप्त परिवादों, न्यायालयीन मामलों एवं संबंधित प्रतिवेदनों को तथ्यात्मक एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि मामलों का त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन किया जा सके।

सरकारी भूमि पर लंबित टाइटल सूट मामलों की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने संबंधित अंचल अधिकारियों एवं विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक अभिलेखों के साथ न्यायालय में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी हितों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा भूमि संबंधी मामलों में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी

बैठक में लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, न्यायालयीन प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग, विभागीय समन्वय को सुदृढ़ करने तथा उत्तरदायित्व आधारित कार्य संस्कृति विकसित करने पर भी विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

