वर्षा होते ही तालाब में तब्दील हुआ हाई स्कूल जयनगर का मैदान , खेलकूद पूरी तरह ठप नाला निर्माण में अनियमितता एवं घटिया गुणवत्ता की हो उच्चस्तरीय जांच : भाकपा-माले
वर्षा होते ही तालाब में तब्दील हुआ हाई स्कूल जयनगर का मैदान , खेलकूद पूरी तरह ठप
नाला निर्माण में अनियमितता एवं घटिया गुणवत्ता की हो उच्चस्तरीय जांच : भाकपा-माले

जे टी न्यूज,मधुबनी : भाकपा-माले जयनगर प्रखंड सचिव कॉ० भूषण सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि जयनगर अनुमंडल मुख्यालय स्थित +2 हाईस्कूल मैदान हल्की वर्षा होते ही तालाब में तब्दील हो जाता है, जिससे खिलाड़ियों, छात्रों एवं आम लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। यह मैदान जयनगर क्षेत्र का एकमात्र प्रमुख खेल मैदान है, जहां फुटबॉल, क्रिकेट, वॉलीबॉल, कुश्ती सहित विभिन्न खेल गतिविधियों के साथ-साथ राजनीतिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं प्रशासनिक कार्यक्रम आयोजित होते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मैदान से जल निकासी की व्यवस्था हेतु खजौली विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक सह मंत्री अरुण शंकर प्रसाद के निर्देश पर लगभग 40 लाख रुपये की लागत से महीनों पहले नाला निर्माण कराया गया था। लेकिन निर्माण कार्य में व्यापक भ्रष्टाचार, अनियमितता एवं गुणवत्ता की घोर कमी के कारण यह योजना पूरी तरह खानापूर्ति साबित हुई है। नाला निर्माण के बावजूद मैदान में जलजमाव की समस्या जस की तस बनी हुई है, जिसके कारण सभी प्रकार के खेलकूद एवं अन्य प्रतियोगिताएं पूरी तरह बंद हो चुकी हैं।भूषण सिंह ने आरोप लगाया कि +2 हाईस्कूल प्रबंधन समिति के लगातार तीन कार्यकाल से विधायक सह मंत्री अरुण शंकर प्रसाद पदेन अध्यक्ष हैं, इसके बावजूद मैदान की ऐसी बदहाल स्थिति अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कुछ दिन पूर्व भी जिला पदाधिकारी, मधुबनी को आवेदन देकर जांचोपरांत आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जो प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है।

भाकपा-माले ने जिलाधिकारी, मधुबनी से पुनः मांग की है कि नाला निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों, संवेदकों एवं संबंधित लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए तथा मैदान से स्थायी जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही छात्रों एवं खिलाड़ियों से संगठित होकर सड़क पर उतरने एवं जनआंदोलन को तेज करने की अपील की गई है।


