पूसा कृषि विश्वविद्यालय में सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग का आरोप, उच्चस्तरीय जांच की मांग
पूसा कृषि विश्वविद्यालय में सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग का आरोप, उच्चस्तरीय जांच की मांग
जे टी न्यूज, समस्तीपुर/पूसा:
डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय (आरपीसीएयू), पूसा के कुलपति डॉ. पी.एस. पांडेय पर निजी पारिवारिक कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के सरकारी संसाधनों के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई है। इस संबंध में राष्ट्रपति सह विश्वविद्यालय विजिटर को एक विस्तृत शिकायत पत्र भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायत में कहा गया है कि दिनांक 3 दिसंबर 2024 को नई दिल्ली स्थित एनएएससी कॉम्प्लेक्स में कुलपति डॉ. पी.एस. पांडेय के ज्येष्ठ पुत्र का विवाह समारोह आयोजित किया गया। आरोप है कि इस विवाह समारोह में विश्वविद्यालय की सरकारी गाड़ी संख्या बीआर06डीक्यू0497 सहित अन्य सरकारी संसाधनों का उपयोग किया गया।
शिकायत पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि विवाह समारोह के अगले ही दिन, अर्थात 4 दिसंबर 2024 को, उसी अवधि में “छठी डीन समिति प्रतिवेदन के क्रियान्वयन पर परामर्श कार्यशाला” का आयोजन आरपीसीएयू एवं भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि कार्यशाला का आयोजन विवाह समारोह के तुरंत बाद उसी स्थान पर इस उद्देश्य से किया गया, ताकि विश्वविद्यालय के अधिकारियों एवं संसाधनों की उपस्थिति को औपचारिक स्वरूप दिया जा सके। पत्र में यह भी कहा गया है कि इस कार्यशाला में विश्वविद्यालय के कई अधिष्ठाता एवं डीन शामिल नहीं थे, जबकि कुछ ऐसे अधिकारियों की उपस्थिति दर्ज की गई जिनका कार्यशाला से प्रत्यक्ष संबंध नहीं था।

शिकायत में यह आशंका भी व्यक्त की गई है कि सीआरए परियोजना निधि से यात्रा, आवास, भोजन तथा अन्य व्यवस्थाओं पर व्यय किया गया। शिकायतकर्ता ने विश्वविद्यालय एवं सीआरए परियोजना निधि से हुए खर्चों का विशेष अंकेक्षण कराने, संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच करने तथा 3 एवं 4 दिसंबर 2024 के दौरान हुए सभी यात्रा एवं भुगतान अभिलेखों की जांच कराने की मांग की है।
उक्त शिकायत पत्र की प्रतिलिपि केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, भागीरथ चौधरी तथा डीएआरई के सचिव डॉ. मंगी लाल जाट को भी प्रेषित की गई है।


