वज्रपात पीड़ितों को बड़ी राहत — 10 घंटे के भीतर 5 मृतकों के आश्रितों को मिला ₹4-4 लाख मुआवजा
वज्रपात पीड़ितों को बड़ी राहत — 10 घंटे के भीतर 5 मृतकों के आश्रितों को मिला ₹4-4 लाख मुआवजा

जे टी न्यूज, खगड़िया : जिले में वज्रपात (ठनका) से हुए दर्दनाक हादसे के बाद जिला प्रशासन ने तेज कार्रवाई करते हुए मात्र 10 घंटे के भीतर सभी पांच मृतकों के परिजनों को ₹4-4 लाख की अनुग्रह अनुदान राशि का चेक प्रदान कर दिया। प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी प्रवीण कुमार ने बताया कि जिला पदाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर संबंधित अंचल अधिकारियों ने तुरंत आवश्यक प्रक्रिया पूरी की, जिसके बाद गुरुवार की शाम तक सभी प्रभावित परिवारों को राहत राशि उपलब्ध करा दी गई। यह घटना चौथम और बेलदौर प्रखंड क्षेत्रों के बहियार में मक्का कटाई और चारा ढुलाई के दौरान हुई थी, जहां अचानक गिरे वज्रपात ने पांच लोगों की जान ले ली, जबकि आठ लोग घायल हो गए। मृतकों में कन्हौली यादव टोला निवासी 62 वर्षीय विद्यानंद यादव, 26 वर्षीय आशुतोष यादव और उनके 8 वर्षीय पुत्र अंकेश कुमार, बेलदौर के 18 वर्षीय मणिलाल महतो तथा पसराहा थाना क्षेत्र के ड्योढ़ा गांव निवासी 35 वर्षीय जवाहर शर्मा शामिल हैं।वहीं घायलों में 9 वर्षीय वैष्णवी कुमारी, 8 वर्षीय अंकुश कुमार समेत कुल आठ लोग शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज चल रहा है, जिनमें कुछ की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।



