डॉ. ज्ञानेन्द्र कुमार की समाजसेवा युवा चिकित्सकों के लिए प्रेरणास्रोत : एडीएम
16 वर्षों से मात्र 10 रुपये में मरीजों की सेवा, 500 से अधिक निःशुल्क चिकित्सा शिविरों का आयोजन
डॉ. ज्ञानेन्द्र कुमार की समाजसेवा युवा चिकित्सकों के लिए प्रेरणास्रोत : एडीएम
16 वर्षों से मात्र 10 रुपये में मरीजों की सेवा, 500 से अधिक निःशुल्क चिकित्सा शिविरों का आयोजन

जे टी न्यूज़, समस्तीपुर : राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर समस्तीपुर शहर के अपोलो डेंटल हॉस्पिटल में एक समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि एडीएम ब्रजेश कुमार उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में एडीएम ब्रजेश कुमार ने अपोलो डेंटल हॉस्पिटल के निदेशक एवं वरिष्ठ दंत चिकित्सक डॉ. ज्ञानेन्द्र कुमार की सराहना करते हुए कहा कि वे पिछले 16 वर्षों से मात्र 10 रुपये परामर्श शुल्क लेकर मरीजों की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि डॉ. ज्ञानेन्द्र कुमार के नेतृत्व में अब तक 500 से अधिक निःशुल्क चिकित्सा एवं दंत चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जा चुका है, जिससे हजारों लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि युवा चिकित्सकों को डॉ. ज्ञानेन्द्र कुमार की सेवा भावना, करुणा और समर्पण से प्रेरणा लेनी चाहिए।
एडीएम ब्रजेश कुमार ने कहा कि आज के समय में जहां कई बार चिकित्सकों को गलत नजरिये से देखा जाता है, वहीं डॉ. ज्ञानेन्द्र कुमार चिकित्सा सेवा को मानव सेवा मानते हुए समाज के हर वर्ग तक सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनका जीवन और कार्य समाजसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है।
राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के उपलक्ष्य में एडीएम ब्रजेश कुमार, डॉ. ज्ञानेन्द्र कुमार एवं उनके पुत्र तुष्यगान ने संयुक्त रूप से केक काटकर उत्सव मनाया तथा सभी चिकित्सकों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. ज्ञानेन्द्र कुमार ने कहा कि डॉक्टरी केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का सर्वोच्च माध्यम है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में अनेक चुनौतियां और जिम्मेदारियां होती हैं, जिनका निर्वहन चिकित्सकों को पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ करना चाहिए। उन्होंने युवा चिकित्सकों से भारत रत्न डॉ. विधान चंद्र राय के आदर्शों पर चलने तथा चिकित्सा पेशे की गरिमा और विश्वसनीयता बनाए रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अपोलो डेंटल हॉस्पिटल के दंत चिकित्सक डॉ. फारुख अजामी, डॉ. प्रभात रंजन एवं डॉ. दयानंद कुमार भी उपस्थित रहे। साथ ही अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ एवं प्रबंधन टीम के सदस्य धर्मवीर, शिवम, शबनम, काजल सहित अन्य कर्मी भी समारोह में मौजूद रहे।
समारोह के अंत में सभी चिकित्सकों को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस की शुभकामनाएं दी गईं तथा समाज के प्रति उनके अमूल्य योगदान के लिए सम्मान व्यक्त किया गया।



