प्रसव कराने पर 5 हजार रुपये व प्रसव बाद नवजात शिशु की मौत
प्रसव कराने पर 5 हजार रुपये व प्रसव बाद नवजात शिशु की मौत

जे टी न्यूज, जयनगर : अनुमंडल अस्पताल में रविवार को एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। प्रसव के लिए भर्ती गर्भवती के परिजनों से अच्छे से प्रसव कराने पर 5 हजार रुपये व प्रसव बाद नवजात शिशु की मौत होने के बाद भी सात सौ रुपये नाजायज वसूल करने का मामला प्रकाश में आया है। नाजायज वसूली को लेकर मरीज के परिजनों ने अस्पताल पर हंगामा किया। अस्पताल प्रबंधन की ओर से पुलिस को बुलाया गया। तब जाकर मामला शांत हुआ।
मरीज की नन्द थाना क्षेत्र के कमला रोड वार्ड नंबर 7 निवासी सविता कुमारी ने बताया कि अपनी भाभी आंचल कुमारी पति सुरेश कुमार मंडल को प्रसव के लिए शनिवार को जयनगर अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सक द्वारा जांच करने पर एक दिन बाद प्रसव समय पूरा होने पर परिजनों द्वारा वापस ले जाया गया। प्रसव के लिए रविवार की सुबह 6 बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां ड्यूटी पर तैनात एएनएम पर आरोप लगाया कि उसने कहा कि अच्छे से प्रसव करा देगे पांच हजार रुपये दे । मरीज के परिजनों द्वारा उस एएनएम को पांच हजार रुपये देने की बात कही। प्रसव के बाद सुबह करीब नौ बजे नवजात की मौत हो गई। उसके बाद भी एएनएम पर सात सौ रुपये जबरन लेने का आरोप लगाया है ।

परिजनों ने अस्पताल पर नवजात के मौत पर लापरवाही का आरोप भी लगाया है। एएनएम द्वारा नाजायज राशि उगाही को लेकर परिजनों द्वारा अस्पताल पर कुछ देर हंगामा करते हुए लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों ने जच्चा की उचित ईलाज यहां नहीं होने पर प्राईवेट अस्पताल ले जाने की बात कही।
ड्यूटी पर तैनात महिला चिकित्सक डॉ रेशमी कुमारी ने बताया मैं दूसरी पाली से काम कर रही हूं।
अनुमंडल अस्पताल उपाधीक्षक डॉ कुमार रोनित ने बताया कि मरीज़ के परिजनों द्वारा लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद है।
इतना बड़ी रकम देने से पहले अस्पताल प्रबंधन या गार्ड से शिकायत करनी चाहिए थी।



