एसिड कांड की स्वतंत्र जांच और अवैध बस स्टैंड हटाने की मांग को लेकर भाकपा (माले) ने पूसा में निकाला प्रतिरोध मार्च

एसिड कांड की स्वतंत्र जांच और अवैध बस स्टैंड हटाने की मांग को लेकर भाकपा (माले) ने पूसा में निकाला प्रतिरोध मार्च

गरीब ठेला एवं फुटपाथ विक्रेताओं को विश्वविद्यालय परिसर से हटाया जा रहा है, लेकिन विश्वविद्यालय की भूमि पर संचालित अवैध बस स्टैंड पर कार्रवाई नहीं की जा रही है :- अमित कुमार

जे टी न्यूज, समस्तीपुर,पूसा:
डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा में हुए एसिड कांड की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने, घटना की विश्वविद्यालय से बाहर के स्वतंत्र उच्चस्तरीय विशेषज्ञों की टीम से स्वतंत्र जांच कराने, दोषियों पर कार्रवाई करने एवं विश्वविद्यालय की भूमि पर अवैध रूप से संचालित बस स्टैंड को हटाने की मांग को लेकर मंगलवार को भाकपा-माले के बैनर तले पूसा में प्रतिरोध मार्च निकाला गया।
प्रतिरोध मार्च पूसा के मानस मंदिर के निकट से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए पोस्ट ऑफिस चौक की ओर मुख्य द्वार के सामने से माले कार्यकर्ता जा रहे थे कि विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों व सुरक्षा कर्मियों ने माले कार्यकर्ताओं को रोक दिया‌। जहां रूककर माले कार्यकर्ताओं ने कुलपति के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
यहाँ पर सुरक्षा शाखा प्रभारी शिरीष कुमार को माले कार्यकर्ताओं ने अपना मांग पत्र सौंपा। इसके बाद मार्च गोलंबर होते हुए बैंक चौक पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया। मार्च का नेतृत्व भाकपा-माले के प्रखंड सचिव अमित कुमार ने किया।
सभा को संबोधित करते हुए भाकपा- माले प्रखंड सचिव अमित कुमार ने कहा कि 24 नवंबर 2025 को हुए एसिड कांड को छह महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई है और न ही किसी जिम्मेदार व्यक्ति पर कार्रवाई हुई है। उन्होंने कहा कि पैथोलॉजी विभाग के अध्यक्ष एस.के. सिंह सहित जिम्मेदार अधिकारियों को बचाने तथा पूरे मामले पर पर्दा डालने का प्रयास किए जाने की आशंका है। उन्होंने कहा कि किसकी लापरवाही से घटना हुई, यह निष्पक्ष जांच का विषय है, इसलिए विश्वविद्यालय से बाहर के स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय विशेषज्ञों की टीम से जांच कराई जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि गरीब ठेला एवं फुटपाथ विक्रेताओं को हटाया जा रहा है, लेकिन विश्वविद्यालय की भूमि पर संचालित अवैध बस स्टैंड पर कार्रवाई नहीं की जा रही है। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सभी पर समान रूप से होनी चाहिए।

 

भाकपा-माले ने एसिड कांड की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने, दोषियों पर कार्रवाई करने, प्रयोगशालाओं की सुरक्षा व्यवस्था की स्वतंत्र जांच कराने तथा विश्वविद्यालय की भूमि पर संचालित अवैध बस स्टैंड को तत्काल हटाने की मांग की। मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई। मौके पर प्रखंड कमिटी सदस्य रविन्द्र कुमार सिंह, अखिलेश सिंह, जितेंद्र राय, उषा देवी, मो. आले समेत मुकेश कुमार, मो. औसेद, सुनिता देवी, रागिनी देवी, रीता देवी, सुलेखा देवी, आरती देवी, निशा देवी, सुनेना देवी, अमर पासवान आदि मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button