राजकीय डिग्री महाविद्यालय में दिखी अनुशासन व गुणवत्तापूर्ण अध्यापन की झलक, प्राचार्य ने किया औचक निरीक्षण

राजकीय डिग्री महाविद्यालय में दिखी अनुशासन व गुणवत्तापूर्ण अध्यापन की झलक, प्राचार्य ने किया औचक निरीक्षण

कुशेश्वर स्थान (दरभंगा)। राजकीय डिग्री महाविद्यालय, कुशेश्वर स्थान पूर्वी में शुक्रवार को प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) कुशेश्वर यादव ने शैक्षणिक एवं पठन-पाठन व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न कक्षाओं का भ्रमण कर विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षण व्यवस्था और शैक्षणिक अनुशासन का जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में अर्थशास्त्र विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. संतोष कुमार सेमेस्टर-1 के विद्यार्थियों को “अर्थशास्त्र के मूलभूत सिद्धांत” विषय का अध्यापन कराते हुए मिले। कक्षा में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता और अनुशासित माहौल को देखकर प्रधानाचार्य ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने डॉ. संतोष कुमार की कर्तव्यनिष्ठा, नियमितता और गुणवत्तापूर्ण अध्यापन की मुक्तकंठ से सराहना की।

इसके बाद प्रधानाचार्य स्वयं सेमेस्टर-1 के विद्यार्थियों के बीच पहुंचे और उन्हें संबोधित करते हुए उच्च शिक्षा के उद्देश्य, अनुशासित छात्र जीवन और चरित्र निर्माण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ज्ञान के साथ-साथ अनुशासन, नैतिक मूल्य, समयपालन और उत्कृष्ट आचरण ही एक जिम्मेदार नागरिक की पहचान होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से महाविद्यालय आने, कक्षाओं में उपस्थिति सुनिश्चित करने और मनोयोगपूर्वक अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।

प्रधानाचार्य ने कहा कि नवस्थापित महाविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों पर आधारित शैक्षणिक वातावरण विकसित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास के साथ-साथ उनके नैतिक एवं चारित्रिक विकास पर भी विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि महाविद्यालय में नियमित अंतराल पर औचक निरीक्षण जारी रहेगा, ताकि पठन-पाठन की गुणवत्ता और विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जा सके। महाविद्यालय प्रशासन ने विश्वास जताया कि शिक्षकों की प्रतिबद्धता और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से संस्थान जल्द ही गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा।

Related Articles

Back to top button