स्वच्छता अभियान की प्रगति की समीक्षा, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं स्रोत पर कचरा पृथक्करण पर डीएम ने दिए आवश्यक निर्देश
स्वच्छता अभियान की प्रगति की समीक्षा, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं स्रोत पर कचरा पृथक्करण पर डीएम ने दिए आवश्यक निर्देश

जे टी न्यूज, मधेपुरा:
स्वच्छ एवं स्वस्थ ग्रामीण परिवेश के निर्माण तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने के उद्देश्य से शुक्रवार को न्यू एनआईसी कक्ष में जिला पदाधिकारी अभिषेक रंजन की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले में संचालित स्वच्छता संबंधी विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा के क्रम में व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की प्रगति की जानकारी ली गई। जिला पदाधिकारी ने शौचालय निर्माण के लक्ष्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने तथा निर्मित शौचालयों के नियमित उपयोग को सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में चार रंगों वाले डस्टबिन के उपयोग एवं स्रोत स्तर पर ही कचरे के पृथक्करण की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्रों में कचरा पृथक्करण को व्यवहार में लाने के लिए लोगों में जागरूकता बढ़ाने तथा स्वच्छता संबंधी गतिविधियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसी क्रम में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यकतानुसार कार्यों को तेज गति से पूरा कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही सामुदायिक सोख्ता गड्ढा निर्माण की स्थिति की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने को कहा गया।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता केवल आधारभूत संरचनाओं के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छता सुविधाओं का नियमित उपयोग, कचरे का उचित प्रबंधन एवं आमजन की सक्रिय भागीदारी ही स्वच्छ एवं स्वस्थ ग्रामीण परिवेश के निर्माण का आधार है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा जमीनी स्तर पर कार्यों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


