बाढ़ राहत शिविर में अंचल अधिकारी ने स्वयं भोजन कर परखी गुणवत्ता
बाढ़ राहत शिविर में अंचल अधिकारी ने स्वयं भोजन कर परखी गुणवत्ता

जे टी न्यूज, खगड़िया, परबत्ता: बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत शिविरों में उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह गंभीर है। इसी क्रम में अंचल अधिकारी, परबत्ता ने राहत शिविर में पहुंचकर स्वयं शिविर में परोसा जा रहा भोजन ग्रहण किया और उसकी गुणवत्ता की जांच की।
अंचल अधिकारी ने भोजन की गुणवत्ता, स्वाद, स्वच्छता एवं वितरण व्यवस्था का जायजा लिया तथा मौके पर मौजूद संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि राहत शिविर में रह रहे प्रभावित परिवारों को निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन नियमित रूप से उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आपदा की इस कठिन परिस्थिति में राहत शिविरों में रह रहे लोगों की सुविधाओं से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भोजन की गुणवत्ता एवं वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
अंचल अधिकारी द्वारा स्वयं भोजन ग्रहण कर गुणवत्ता की जांच किए जाने से राहत शिविर में रह रहे लोगों को यह भरोसा मिला कि प्रशासन उनके भोजन एवं मूलभूत सुविधाओं को लेकर पूरी तरह सजग और संवेदनशील है।



