मारवाड़ी प्लस-टू पाठशाला में ‘सुरक्षित बचपन’ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
पोक्सो और किशोर न्याय अधिनियम की दी गई जानकारी, बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की अपील
मारवाड़ी प्लस-टू पाठशाला में ‘सुरक्षित बचपन’ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
पोक्सो और किशोर न्याय अधिनियम की दी गई जानकारी, बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की अपील
जे टी न्यूज, कटिहार। बच्चों को लैंगिक अपराधों से बचाने तथा उनके मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मारवाड़ी प्लस-टू पाठशाला, बड़ा बाजार, कटिहार में विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (एन एल एस ए) के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डी एल एस ए), कटिहार के तत्वावधान में तरवासी समाज न्यास की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘सुरक्षित बचपन’ रहा।
कार्यक्रम में अवर न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कटिहार के सचिव कमलेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी दीपक लाल, विद्यालय की प्रधानाध्यापिका डॉ. कविता, अजय कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने बच्चों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पोक्सो), 2012 तथा किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 के प्रावधानों की जानकारी दी। तरवासी समाज न्यास के समन्वयक साकिब नवाज ने विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम की प्रमुख विशेषताओं से अवगत कराते हुए कहा कि बच्चों को किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार की पहचान करना और उसके विरुद्ध आवाज उठाना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि किसी भी असहज परिस्थिति में बिना डर या संकोच के अपने अभिभावक, शिक्षक अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति से सहायता लें।
वक्ताओं ने बाल शोषण की रोकथाम में परिवार, विद्यालय और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय का दायित्व केवल किताबी शिक्षा देना नहीं, बल्कि बच्चों को जागरूक, आत्मविश्वासी और सुरक्षित नागरिक बनाना भी है। प्रत्येक बच्चे को अपने अधिकारों की जानकारी होनी चाहिए, ताकि वह किसी भी प्रकार के शोषण या अनुचित व्यवहार के खिलाफ बेझिझक आवाज उठा सके।

इस अवसर पर कार्यक्रम समन्वयक स्वामीनारायण चौधरी, मंजुमाला, क्षमा, सांत्रा देवी राठी, निधि कुमारी, गौरी कुमारी, प्रीति कुमारी, सोनी कुमारी, निर्मल कुमार शर्मा, राहत आश्रम, रिकी कुमारी, प्रधान लिपिक अरविंद नाथ ठाकुर, भाषा प्रभारी हर्षण ठाकुर, बिमल कुमार एवं परिचारी राजेंद्र कुमार महतो उपस्थित रहे।
वहीं एलएडीसीएस के पैरा लीगल वॉलंटियर सचिन कुमार एवं भुविनाश कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में शामिल हुए।

