पटना में आयोजित हुआ नेशनल रेड रन 4.0, एचआईवी जागरूकता के संदेश के साथ दौड़े देशभर के युवा

गांधी मैदान में 32 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, 10 किलोमीटर दौड़ और 2 किलोमीटर वॉकथॉन में दिखा उत्साह

पटना में आयोजित हुआ नेशनल रेड रन 4.0, एचआईवी जागरूकता के संदेश के साथ दौड़े देशभर के युवा

गांधी मैदान में 32 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, 10 किलोमीटर दौड़ और 2 किलोमीटर वॉकथॉन में दिखा उत्साह

जे टी न्यूज,
पटना: बिहार की मेजबानी में मंगलवार को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में नेशनल रेड रन 4.0 का भव्य आयोजन किया गया। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (नाको) के मार्गदर्शन तथा बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के तत्वावधान में आयोजित इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में देश के 32 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता फैलाना, इससे जुड़े सामाजिक भेदभाव को समाप्त करना और युवाओं को इस अभियान से जोड़ना था।

कार्यक्रम के तहत आयोजित 10 किलोमीटर की दौड़ में लगभग 250 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जबकि 2 किलोमीटर के वॉकथॉन में करीब एक हजार लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। युवाओं ने दौड़ और वॉकथॉन के माध्यम से एचआईवी संक्रमण की रोकथाम तथा जागरूकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने कहा कि एचआईवी के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इससे जुड़े सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जागरूकता अभियान, बेहतर उपचार सुविधाओं और निरंतर प्रयासों से एचआईवी नियंत्रण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के प्रति समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव लाना जरूरी है। संक्रमण की रोकथाम के साथ-साथ मां से बच्चे में होने वाले संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए भी लगातार प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने सही जानकारी को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने पर जोर दिया।

बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के परियोजना निदेशक सुमित कुमार ने कहा कि 10 किलोमीटर दौड़ और 2 किलोमीटर वॉकथॉन में देशभर से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों की सहभागिता यह दर्शाती है कि एचआईवी के खिलाफ जागरूकता की लड़ाई में पूरा देश एकजुट है। उन्होंने विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों और अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता अभियान को और गति देने की अपील की।

राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन की उप महानिदेशक डॉ. तान्जिन डिकिड ने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि एचआईवी के प्रति सही जानकारी फैलाने और इससे जुड़े भेदभाव को समाप्त करने में युवाओं की भागीदारी अहम है। वहीं, यूनिसेफ की फील्ड ऑफिसर मोनिका नेल्सन ने एचआईवी जांच के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं की समय पर जांच कराने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और उचित उपचार से मां से बच्चे में संक्रमण के खतरे को काफी हद तक रोका जा सकता है।

समापन समारोह में स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने 10 किलोमीटर दौड़ की विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को पुरस्कृत किया। बालक वर्ग में पश्चिम बंगाल के अनुपम महतो ने प्रथम, उत्तर प्रदेश के अभिषेक कुमार ने द्वितीय तथा विद्या सागर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में महाराष्ट्र की स्नेहल खरात प्रथम, मध्य प्रदेश की अंजलि पाटीदार द्वितीय तथा उत्तर प्रदेश की सोनी देवी तृतीय स्थान पर रहीं।

कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय धावक पियूष राज, अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट शैलेश कुमार तथा अभिनेता अशोक पाठक, जिन्होंने लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ में विनोद की भूमिका निभाई है, विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के संयुक्त निदेशक मनोज कुमार सिन्हा, अपर परियोजना निदेशक डॉ. एन.के. गुप्ता, सहायक निदेशक आलोक सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग एवं समिति के अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button