तीन साल से अतिक्रमण हटाने की गुहार, कार्रवाई नहीं होने पर निजी बल के प्रयोग की अनुमति मांगी

मगरदही चौक स्थित श्रीराम कॉम्प्लेक्स के सामने सरकारी जमीन पर अतिक्रमण का मामला; सहायक प्राध्यापक बसंत कुमार ने एसडीओ को सौंपा आवेदन

तीन साल से अतिक्रमण हटाने की गुहार, कार्रवाई नहीं होने पर निजी बल के प्रयोग की अनुमति मांगी

मगरदही चौक स्थित श्रीराम कॉम्प्लेक्स के सामने सरकारी जमीन पर अतिक्रमण का मामला; सहायक प्राध्यापक बसंत कुमार ने एसडीओ को सौंपा आवेदन

जे टी न्यूज,
समस्तीपुर: शहर के वार्ड संख्या 25 स्थित मगरदही चौक पर श्रीराम कॉम्प्लेक्स के सामने सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर स्थानीय निवासी एवं सहायक प्राध्यापक बसंत कुमार ने सदर अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन सौंपा है। उन्होंने प्रशासनिक स्तर पर लंबे समय से कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए अतिक्रमण हटाने के लिए निजी बल के प्रयोग की अनुमति मांगी है।

बसंत कुमार के अनुसार, उक्त जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए पिछले करीब तीन वर्षों से जिलाधिकारी से लेकर अंचल स्तर तक लगातार शिकायत की जा रही है। इसके बावजूद अब तक अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले को कभी अनुमंडल न्यायालय तो कभी लोक शिकायत निवारण कार्यालय में भेजकर केवल कागजी कार्रवाई की जाती रही है, जिससे उन्हें लगातार मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रशासनिक उदासीनता से परेशान होकर अब उन्होंने स्वयं मामले का समाधान करने के उद्देश्य से निजी बल के प्रयोग की अनुमति मांगी है। आवेदन की प्रतिलिपि बिहार के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, समस्तीपुर के जिलाधिकारी तथा केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर को भी भेजी गई है।

बसंत कुमार ने प्रशासन से मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर सरकारी जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराने तथा नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button