​पूर्णिया नगर निगम की अनूठी पहल: डॉनर चौक पर लगे शिविर में उमड़ी भीड़, एक ही छत के नीचे हुआ समस्याओं का समाधान

​पूर्णिया नगर निगम की अनूठी पहल: डॉनर चौक पर लगे शिविर में उमड़ी भीड़, एक ही छत के नीचे हुआ समस्याओं का समाधान

जे टी न्यूज, ​पूर्णिया :
आम जनता को नगर निगम की विभिन्न सेवाओं का लाभ सुगमता से पहुँचाने और उनकी समस्याओं का त्वरित निष्पादन करने के उद्देश्य से मंगलवार को प्रभात कॉलोनी स्थित मध्य विद्यालय, डॉनर चौक पर एक विशेष ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन किया गया। शिविर में वार्ड संख्या 19, 30 और 31 के नागरिकों ने भारी संख्या में पहुंचकर बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
​एक ही परिसर में मिले सभी समाधान
शिविर की सबसे खास बात यह रही कि एक ही परिसर में स्वास्थ्य, प्रकाश, आवास, होल्डिंग टैक्स, प्रधानमंत्री स्वनिधि, सफाई, भवन मानचित्र, पेयजल, सड़क-नाला योजना, अतिक्रमण मापी, ट्रेड लाइसेंस, पेंशन, जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र और समाज कल्याण समेत विभिन्न विभागों के अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे। इससे स्थानीय लोगों को नगर निगम कार्यालय के चक्कर लगाने से बड़ी राहत मिली। नागरिकों ने पेयजल, सड़क, स्ट्रीट लाइट, होल्डिंग टैक्स और पेंशन आदि से जुड़े आवेदन मौके पर ही जमा किए।
*​महापौर ने खुद संभाली कमान, दिए त्वरित निष्पादन के निर्देश*
शिविर का निरीक्षण करने पहुँचीं महापौर विभा कुमारी ने सभी स्टॉलों का जायजा लिया और सीधे नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों और उनके निष्पादन की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली।
​महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिया कि “हमारा उद्देश्य केवल आवेदन प्राप्त करना नहीं, बल्कि प्रत्येक समस्या का प्रभावी और समय-बद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।” उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार त्वरित निष्पादन किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि छोटी-छोटी समस्याओं के लिए नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें, यही इस पहल का मुख्य उद्देश्य है।
*​सरकार के प्रति जताया आभार*
महापौर ने इस जनहितकारी पहल के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा के प्रति आभार प्रकट किया। साथ ही, शहरवासियों से अपील की कि वे ऐसे शिविरों का पूरा लाभ उठाएं और पूर्णिया को एक स्वच्छ, सुंदर व विकसित शहर बनाने में नगर निगम का सहयोग करें।
*​प्रमुख उपस्थिति*
इस अवसर पर वार्ड पार्षद कुमारी खुशबू, अंजनी साह, राकेश राय, अभिजीत कुमार उर्फ निप्पू पासवान, स्वपन घोष, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि आशीष पोद्दार, कुणाल किशोर, बहादुर यादव, मनोज साह, संजीत चौधरी, प्रधान सहायक उमेश यादव और सिटी मैनेजर पवन कुमार पवन सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय वार्डवासी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button