पदयात्रा को सफल बनाने मैदान में उतरीं उपमहापौर पल्लवी गुप्ता, घर-घर पहुंचकर मांगा जनसमर्थन
पदयात्रा को सफल बनाने मैदान में उतरीं उपमहापौर पल्लवी गुप्ता, घर-घर पहुंचकर मांगा जनसमर्थन

जे टी न्यूज, पूर्णिया:‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को लेकर पूर्णिया में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। प्रस्तावित पदयात्रा को व्यापक जनभागीदारी दिलाने के लिए उपमहापौर एवं भाजपा नेत्री पल्लवी गुप्ता ने मंगलवार को शहर के विभिन्न मोहल्लों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने घर-घर पहुंचकर लोगों से मुलाकात की और पदयात्रा में शामिल होने की अपील की। उनके इस अभियान में स्थानीय लोगों और कई गणमान्य व्यक्तियों ने भी भागीदारी की।
जनसंपर्क अभियान के तहत पल्लवी गुप्ता आदर्श नगर, वार्ड संख्या-20, ठाकुरबाड़ी, दुर्गाबाड़ी रोड और लाइन बाजार सहित कई इलाकों में पहुंचीं। उन्होंने लोगों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर पदयात्रा के उद्देश्य और उससे जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। लाइन बाजार स्थित गायत्री डेंटल एंड ट्रॉमा सेंटर के संचालक डॉ. अनुज से भी मुलाकात कर कार्यक्रम को लेकर बातचीत की।
*जनता के अधिकारों की आवाज बनेगी पदयात्रा : पल्लवी गुप्ता*
इस दौरान पल्लवी गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए जागरूक नागरिकों की भागीदारी बेहद जरूरी है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता की आवाज सर्वोपरि होती है। जनहित से जुड़े सवालों को मजबूती से उठाना और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा इसी उद्देश्य और विचार को लेकर आयोजित की जा रही है। राजनीति का मूल आधार जनता की सेवा, उसके अधिकारों का सम्मान और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देना होना चाहिए। समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से ही ऐसे अभियानों को व्यापक स्वरूप मिलता है।

*मोहल्लों में लोगों से संपर्क, पदयात्रा में भागीदारी की अपील*
उपमहापौर ने कहा कि लोकतंत्र केवल व्यवस्था का नाम नहीं, बल्कि जनता की सक्रिय भागीदारी और जागरूकता से मजबूत होने वाली संस्थागत प्रक्रिया है। लोगों को अपने अधिकारों के साथ-साथ सामाजिक और नागरिक दायित्वों के प्रति भी सजग रहना चाहिए। उन्होंने पूर्णिया के नागरिकों से बुधवार को आयोजित पदयात्रा में शामिल होकर अपनी सहभागिता दर्ज कराने की अपील की।
जनसंपर्क अभियान में अभय कुमार सिंह, अरुण कुमार सिंह, प्रवेश यादव, शैलेंद्र झा, कुंदन मंडल, सौरभ शाह, संजय कुमार शाह, राजीव कुमार, सूरज आर्य, सूरज कुमार एवं मुन्ना आलम सहित कई गणमान्य और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
पल्लवी गुप्ता ने कहा कि जनता की जागरूकता और भागीदारी ही लोकतंत्र की वास्तविक ताकत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पदयात्रा में शहर के विभिन्न वर्गों के लोग अपनी सहभागिता दर्ज कराएंगे।



