छह महीने में तीसरी बार रोजगार मेला, तीन हजार से अधिक युवाओं को मिला नौकरी का अवसर : पप्पू यादव
एप्पल, ब्लिंकिट, महिंद्रा लॉजिस्टिक्स, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और हुंडई जैसी कंपनियों में हुआ चयन; सांसद ने युवाओं को सौंपे नियुक्ति प्रस्ताव
छह महीने में तीसरी बार रोजगार मेला, तीन हजार से अधिक युवाओं को मिला नौकरी का अवसर : पप्पू यादव
एप्पल, ब्लिंकिट, महिंद्रा लॉजिस्टिक्स, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और हुंडई जैसी कंपनियों में हुआ चयन; सांसद ने युवाओं को सौंपे नियुक्ति प्रस्ताव

जे टी न्यूज,
पूर्णिया: पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की पहल पर आयोजित रोजगार मेले में तीन हजार से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर मिले। मेले में विभिन्न कंपनियों ने युवाओं का चयन किया तथा सांसद पप्पू यादव ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रस्ताव (ऑफर लेटर) सौंपे। एप्पल, ब्लिंकिट, महिंद्रा लॉजिस्टिक्स, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और हुंडई सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियों में युवाओं को नौकरी का अवसर मिला। पूर्णिया में आयोजित यह तीसरा रोजगार मेला है। इसका उद्देश्य पूर्णिया, सीमांचल और आसपास के क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है।
इस अवसर पर सांसद पप्पू यादव ने कहा कि रोजगार केवल नौकरी पाने का माध्यम नहीं, बल्कि किसी परिवार की आर्थिक स्थिति बदलने, आत्मसम्मान बढ़ाने और भविष्य सुरक्षित करने का आधार है। उन्होंने कहा कि दुनिया को विनाश और हिंसा के बजाय निर्माण, शांति और मानवता को प्राथमिकता देने वाली व्यवस्था की जरूरत है। हमें यह सोचना होगा कि आने वाली पीढ़ियों को कैसी दुनिया सौंपनी है।
उन्होंने कहा कि देश की प्रगति और अर्थव्यवस्था की चर्चा में गरीब, मजदूर, किसान और मध्यम वर्ग के जीवन को भी केंद्र में रखना चाहिए। आज भी अनेक ऐसे परिवार हैं, जिन्हें संपत्ति या गारंटी नहीं होने के कारण बैंक से ऋण नहीं मिल पाता। ऐसे में मेहनत और क्षमता रखने के बावजूद वे अपना छोटा व्यवसाय शुरू नहीं कर पाते। जरूरत ऐसी व्यवस्था की है, जिसमें साधारण परिवारों के युवाओं को भी आगे बढ़ने का समान अवसर मिले।
सांसद ने कहा कि आम लोगों की क्रय शक्ति अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। गरीब व्यक्ति भी रोजमर्रा की वस्तुओं की खरीदारी के माध्यम से अर्थव्यवस्था में योगदान देता है। इसलिए लोगों की आय बढ़ाना, रोजगार के अवसर पैदा करना और आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में गरीबी, बाढ़ के दौरान भोजन-पानी की समस्या तथा बीमारी के समय इलाज पर होने वाले भारी खर्च का उल्लेख करते हुए कहा कि गरीब परिवारों के लिए छोटी-सी आर्थिक परेशानी भी बड़ा संकट बन जाती है।
उन्होंने रोजगार की गुणवत्ता पर जोर देते हुए कहा कि केवल नौकरी मिलना पर्याप्त नहीं है। यदि किसी युवा को 16 से 18 हजार रुपये मासिक वेतन मिलता है और उसका अधिकांश हिस्सा किराया, भोजन तथा अन्य खर्चों में चला जाता है, तो परिवार की जरूरतें पूरी करना कठिन हो जाता है। युवाओं को बेहतर वेतन, कौशल विकास, पदोन्नति और आगे बढ़ने के अवसर मिलने चाहिए। इसके लिए तकनीकी शिक्षा, सूचना प्रौद्योगिकी, व्यावसायिक प्रशिक्षण और आधुनिक कौशल से युवाओं को जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने बेटियों को भी आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष बल दिया।
सांसद ने युवाओं से अपनी क्षमता पर विश्वास रखने, निरंतर सीखने और मेहनत करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि रोजगार मेले के माध्यम से अधिक से अधिक कंपनियों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि बिहार के युवाओं को नौकरी के लिए दूसरे स्थानों पर भटकना न पड़े। उनका उद्देश्य केवल नौकरी दिलाना नहीं, बल्कि युवाओं के जीवन में स्थायी बदलाव लाना है, जिससे वे अपने परिवार का सहारा बन सकें और अगली पीढ़ी को बेहतर भविष्य दे सकें।
गौरतलब है कि सांसद पप्पू यादव की पहल पर पूर्णिया में अब तक तीन रोजगार मेलों का आयोजन किया जा चुका है। इन मेलों के माध्यम से स्थानीय और सीमांचल क्षेत्र के युवाओं को विभिन्न कंपनियों से जोड़ने तथा रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।



