टॉप-10 अपराधियों और हॉट स्पॉट की एसपी ने की समीक्षा, जोकीहाट थाना का किया निरीक्षण
लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन, फरार आरोपितों की गिरफ्तारी और वारंट-कुर्की की कार्रवाई तेज करने का निर्देश
टॉप-10 अपराधियों और हॉट स्पॉट की एसपी ने की समीक्षा, जोकीहाट थाना का किया निरीक्षण
लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन, फरार आरोपितों की गिरफ्तारी और वारंट-कुर्की की कार्रवाई तेज करने का निर्देश

जे टी न्यूज, जोकीहाट: अररिया एसपी जितेंद्र कुमार ने मंगलवार को जोकीहाट थाना का निरीक्षण कर पुलिस की कार्यप्रणाली, लंबित कांडों और अपराध नियंत्रण की तैयारियों की समीक्षा की। थाना पहुंचने पर पुलिस जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद उन्होंने थाना परिसर, बैरक, आवासीय परिसर, मालखाना और सीसीटीएनएस कक्ष का जायजा लिया तथा विभिन्न पंजियों और अभिलेखों की जांच की।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने टॉप-10 अपराधियों की सूची, संपत्ति मूलक अपराधों के चिह्नित हॉट स्पॉट और लंबित मामलों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने वारंट, कुर्की एवं इश्तेहार के निष्पादन, मालखाना पंजी, स्टेशन डायरी और कांडों से संबंधित अभिलेखों का भी अवलोकन किया।
एसपी ने थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा सहित सभी पुलिस पदाधिकारियों को लंबित कांडों का शीघ्र निष्पादन करने, फरार आरोपितों की गिरफ्तारी और वारंट-कुर्की की कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया। अपराध नियंत्रण के लिए नियमित पुलिस गश्ती, वाहन जांच और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में एसपी ने कहा कि थाना की कार्यप्रणाली और अपराध नियंत्रण की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई है। उन्होंने थाना की व्यवस्था पर संतोष जताते हुए कहा कि यहां पुलिस पदाधिकारी लैपटॉप के माध्यम से कांडों का संधारण कर रहे हैं।
इस दौरान थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा सहित थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।


