भगवानपुर कमला पंचायत में राजू साहनी की अनोखी पहल निजी खर्चे से सजाए छठ घाट
भगवानपुर कमला पंचायत में राजू साहनी की अनोखी पहल निजी खर्चे से सजाए छठ घाट

जे टी न्यूज, समस्तीपुर: जिले के उजियारपुर थाना अंतर्गत भगवानपुर कमला पंचायत में, इस बार का छठ महापर्व कुछ खास बन गया है। राजू साहनी, सुपुत्र रामश्रेष्ठ साहनी, ने अपने निजी खर्चे पर पूरे छठ घाट की बेहतरीन सजावट और व्यवस्था की है। सौरभ इंडस्ट्री, सैदपुर जाहिद, निकट योगी स्थान, एनएच 28 से जुड़े राजू साहनी हर वर्ष अपनी ओर से इस अनोखी पहल को जारी रखते हैं।
राजू साहनी ने बताया कि इस बार की सजावट और मूर्ति स्थापना से लेकर लाइटिंग, साउंड सिस्टम, और पंडाल की व्यवस्था उनके द्वारा की गई है। उन्होंने पाँच पंचायतों के लगभग 35 किलोमीटर तक सभी घाटों पर विशेष लाइटिंग और सजावट की है। हर घाट पर पंडाल, टेंट, और टॉवर लाइटिंग जैसी व्यवस्थाएं देखकर इस बार का छठ महापर्व भक्तों के लिए अत्यंत खास हो गया है।
छठ महापर्व के आरंभ से ही, नहाय-खाय के दिन से सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चालू हो गई थीं। राजू साहनी का कहना है कि जहाँ अधिकांश जगहों पर संध्या अर्घ्य के दिन से तैयारियाँ होती हैं, वहीं वे नहाय-खाय से ही पूरे घाट पर सजावट और साउंड सिस्टम की व्यवस्था को चालू कर देते हैं। उनकी इस लगन और प्रतिबद्धता ने भगवानपुर कमला के छठ घाट को बिहार के सबसे बेहतरीन और आकर्षक घाटों में शुमार कर दिया है।

राजू साहनी की समाजसेवा: पाँच पंचायतों के घाटों पर विशेष सजावट
पाँच पंचायतों के घाटों पर सजीव लाइटिंग, आकर्षक पंडाल, और साउंड सिस्टम की यह व्यवस्था राजू साहनी के प्रयासों का परिणाम है। समाज का सहयोग अवश्य मिलता है, परंतु इस पूरे आयोजन का खर्चा राजू साहनी स्वयं वहन करते हैं। उनके इस समर्पण ने भगवानपुर कमला पंचायत के छठ घाट को जिले के अन्य घाटों से अलग और खास बना दिया है।



