जनगणना-2027 की तैयारियों की समीक्षा ,त्रुटिरहित एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश
जनगणना-2027 की तैयारियों की समीक्षा ,त्रुटिरहित एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश

पंचायत स्तर पर सहयोग शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं त्वरित निवारण पर बल
संभावित बाढ़ को लेकर अलर्ट प्रशासन, आपदा प्रबंधन की पूर्व तैयारी सुदृढ़ करने के निर्देश
जे टी न्यूज, मधेपुरा:
जिला पदाधिकारी अभिषेक रंजन की अध्यक्षता में सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित झल्लू बाबू सभागार में जनगणना-2027, सहयोग शिविर एवं आपदा प्रबंधन से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ इन सभी विषयों पर विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने जनगणना-2027 की तैयारियों की गहन समीक्षा करते हुए कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का अत्यंत संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षक (सुपरवाइजर) अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण सतर्कता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ करें, ताकि कार्य समयसीमा के भीतर एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो सके।
जिला पदाधिकारी ने सहयोग शिविरों के सफल संचालन पर विशेष बल देते हुए कहा कि आमजनों की समस्याओं के समाधान हेतु पंचायत स्तर पर आयोजित इन शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि अधिकाधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाई जाए तथा प्राप्त शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
आपदा प्रबंधन के संदर्भ में संभावित बाढ़ एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं से निपटने हेतु पूर्व तैयारी की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों, राहत सामग्री, नाव, चिकित्सा सुविधा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को पहले से ही सुदृढ़ रखा जाए। साथ ही, आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया हेतु विभागीय समन्वय एवं संचार तंत्र को और अधिक मजबूत बनाने पर बल दिया गया।
बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला स्तरीय पदाधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अन्य प्रशासनिक कर्मी उपस्थित थे।
