बिहार की एनडीए सरकार कर्ज के दम पर बिहार को चलाकर बिहारवासियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही – अरुण यादव
बिहार की एनडीए सरकार कर्ज के दम पर बिहार को चलाकर बिहारवासियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही – अरुण यादव

जे टी न्यूज, पटना :राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश प्रवक्ता अरुण कुमार यादव ने बिहार की एनडीए सरकार द्वारा 72 हजार करोड़ से अधिक का कर्ज लेने के फैसले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि नीतीश कुमार ने पहले ही बिहार को कर्ज के दल-दल में धकेल दिया है। जिसके कारण बिहार पर 4 लाख करोड़ से अधिक का कर्ज है। एनडीए सरकार की गलत नीतियों के कारण आज बिहार के प्रत्येक व्यक्ति पर लगभग 35 हजार का कर्ज है। देश में बिहार प्रदेश हर मामलों में फिसड्डी और गरीब राज्यों की श्रेणी में है। राज्य की जनता बेरोजगारी, महंगाई, अपराध, भ्रष्टाचार और गरीबी से त्रस्त है। राजद प्रवक्ता ने कहा कि बिहार की एनडीए सरकार द्वारा 72 हजार से अधिक का कर्ज लेने का फैसला राज्य की जनता के लिए घातक साबित होगा। एनडीए सरकार कर्ज के दम पर बिहार को चलाकर बिहार और बिहारवासियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने पर तुली हुई है। आखिरकार कब तक कर्ज पर चलेगा बिहार। जिस नीतियों पर बिहार सरकार चल रही है, ऐसे में बिहार का और बुरा हाल होने वाला है। राजद प्रवक्ता ने कहा कि एनडीए सरकार को बिहार और बिहारवासियों की थोड़ी सी भी चिंता है, तो केंद्र की मोदी सरकार से बिहार को विशेष राज्य का दर्जा और विशेष पैकेज की मांग करें।समृद्ध और विकसित बिहार के लिए बिहार को विशेष राज्य का दर्जा और विशेष पैकेज जरूरी है। जोकि बिहार की दीर्घ काल से मांग रही है।


