उमा पाण्डेय महाविद्यालय में नव पदस्थापित प्रभारी प्राचार्य से आइसा प्रतिनिधियों ने की मुलाकात छात्र हितों और शैक्षणिक सुधारों पर हुई सार्थक चर्चा
उमा पाण्डेय महाविद्यालय में नव पदस्थापित प्रभारी प्राचार्य से आइसा प्रतिनिधियों ने की मुलाकात
छात्र हितों और शैक्षणिक सुधारों पर हुई सार्थक चर्चा

जे टी न्यूज, पूसा/समस्तीपुर :
पूसा प्रखंड स्थित उमा पाण्डेय महाविद्यालय में नव पदस्थापित प्रभारी प्राचार्य डॉ. संजय झा के पदभार ग्रहण करने के अवसर पर छात्र संगठन आइसा के ओर से आरवाईए जिला सचिव रौशन कुमार के नेतृत्व प्रतिनिधिमंडल ने उनसे शिष्टाचार मुलाकात कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में महाविद्यालय में शैक्षणिक माहौल को नई दिशा मिलेगी तथा छात्र-छात्राओं की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी और सकारात्मक पहल की जाएगी। मुलाकात के दौरान आइसा प्रतिनिधिमंडल ने महाविद्यालय में लंबे समय से चली आ रही शैक्षणिक एवं आधारभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी सह आरवाईए जिला सचिव रौशन कुमार ने कहा कि नियमित कक्षाओं का अभाव, शिक्षकों की कमी, पुस्तकालय एवं प्रयोगशाला की अपर्याप्त व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, छात्राओं की सुरक्षा तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण छात्रों की पढ़ाई गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए इन समस्याओं का शीघ्र समाधान आवश्यक है। आगे प्रभारी प्राचार्य से आग्रह किया कि महाविद्यालय प्रशासन छात्र-हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नियमित पठन-पाठन सुनिश्चित करे, शैक्षणिक संसाधनों को सुदृढ़ बनाए तथा छात्रों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जवाबदेह व्यवस्था विकसित करे। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि हजारों छात्र-छात्राओं के सपनों, संघर्षों और भविष्य का निर्माण स्थल होता है। इसलिए प्रशासन की हर नीति और पहल का केंद्र छात्रों का शैक्षणिक विकास और उनका हित होना चाहिए।

नव पदस्थापित प्रभारी प्राचार्य डॉ. संजय झा ने छात्र संगठन आइसा प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना और महाविद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन तथा मूलभूत सुविधाओं के सुधार के लिए सकारात्मक प्रयास करने का आश्वासन दिया।
अंत में प्रतिनिधिमंडल ने नव पदस्थापित प्रभारी प्राचार्य को उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि उनके कार्यकाल में महाविद्यालय शैक्षणिक उत्कृष्टता, पारदर्शिता और छात्र-हितैषी वातावरण की दिशा में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। मौके पर गणेश यादव, रंजन कुमार, अनिकेत कुमार, मनदीप कुमार, राजीव कुमार उपस्थित थे।

