धानुका एकता महासंघ के कार्यक्रम में संगठन विस्तार, डॉ. शिव शंकर मंडल बने जिला अध्यक्ष

धानुका एकता महासंघ के कार्यक्रम में संगठन विस्तार, डॉ. शिव शंकर मंडल बने जिला अध्यक्ष

जे टी न्यूज, समस्तीपुर :

शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत रहटौली पंचायत के शिवम नेचरो केयर हॉस्पिटल परिसर में रविवार को अखिल भारतीय धानुका एकता महासंघ के तत्वावधान में एक भव्य संगठनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज की एकजुटता, संगठन की मजबूती एवं सामाजिक उत्थान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष सियाराम मंडल ने की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से विभिन्न पदों पर मनोनयन की घोषणा की गई। प्रदेश अध्यक्ष सियाराम मंडल ने डॉ. शिव शंकर मंडल को अखिल भारतीय धानुका एकता महासंघ का जिला अध्यक्ष मनोनीत किया। वहीं विश्वनाथ मंडल को जिला मीडिया प्रभारी, पार्वती देवी को महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष, अभिषेक कुमार को सचिव तथा मनमोहन प्रसाद को महासचिव के पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। नवमनोनीत पदाधिकारियों का उपस्थित लोगों ने फूल माला पहनाकर स्वागत किया तथा उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। जिला अध्यक्ष पद पर मनोनीत होने के बाद डॉ. शिव शंकर मंडल ने प्रदेश अध्यक्ष सियाराम मंडल एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने जो विश्वास और जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि धानुका समाज के सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक विकास के लिए संगठनात्मक स्तर पर व्यापक पहल की जाएगी। समाज के लोगों को एक मंच पर लाकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सियाराम मंडल ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति उसके संगठन की मजबूती पर निर्भर करती है। उन्होंने नवमनोनीत पदाधिकारियों से समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य समाज में शिक्षा, आपसी भाईचारा एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में दरभंगा जिला अध्यक्ष माधव कुमार मंडल, राष्ट्रीय प्रवक्ता उमानाथ मंडल, राष्ट्रीय संगठन मंत्री सह चुनाव प्रभारी नारायण मंडल सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं समाजसेवी मौजूद रहे। सभी वक्ताओं ने संगठन की मजबूती एवं समाज के सर्वांगीण विकास पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। आयोजन के सफल संचालन को लेकर उपस्थित लोगों ने आयोजकों की सराहना की। पूरे कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण एवं सामाजिक एकता के संदेश से ओत-प्रोत रहा।

Related Articles

Back to top button